चीन स्वास्थ्य देखभाल, परिवहन तथा सीमा नियंत्रण क्षेत्र में काम करने वालों को कोरोना वायरस से बचाव के लिए वैक्सीन लगाने की जल्द शुरुआत करेगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के उप मंत्री जेंग यिक्शिन ने कहा कि सरकार टीकाकरण में उन लोगों को प्राथमिकता दे रही है जिनके संक्रमित होने का जोखिम अधिक है। इनमें मांस और सी-फूड बाजारों में काम करने वाले लोग, बुजुर्ग तथा ऐसे लोग शामिल हैं जो अन्य रोगों से पहले से पीड़ित हैं।
चीन ने कहा है कि उसने वायरस को फैलने से मोटे तौर पर रोक लिया है और शनिवार को संक्रमण के महज तीन नए मामले सामने आए हैं। चीन की कंपनियों द्वारा विकसित कोविड-19 वैक्सीनों को अभी तुर्की, इंडोनेशिया तथा ब्राजील में मंजूरी नहीं मिली है। रूस, मिस्र, मेक्सिको समेत एक दर्जन से अधिक देशों में निर्माता इन वैक्सीनों का परीक्षण कर रहे हैं।
चीन की कंपनियों के वैक्सीनों के तीसरे चरण के परीक्षण के परिणामों की जानकारी अभी जाहिर नहीं की गई है। यहां वैक्सीन की बाजार संबंधी अंतिम अनुमति मिलने से पहले ही दस लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। चीन ने दो तरह के वैक्सीनों के आपात इस्तेमाल की अनुमति जुलाई में दी थी।