कोरोनावायरस का कहर चीन के साथ-साथ दुनिया के 70 देशों में फैल चुका है, लेकिन अभी तक इस वायरस का उपचार नहीं मिला है। इसी बीच अमेरिका ने राहत के संकेत दिए हैं। अमेरिकी उप राष्ट्रपति माइक पेंस ने सोमवार को कहा कि कोरोनावायरस का इलाज करने के लिए इन गर्मियों तक दवाइयां उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हालांकि इसका टीका इस साल के अंत तक या अगले साल की शुरुआत तक शायद उपलब्ध नहीं हो सकेगा, लेकिन कोरोनावायरस संक्रमण से पीड़ित लोगों के उपचार के लिए इन गर्मियों या पतझड़ तक दवाई उपलब्ध हो सकेगी।
गिलिएड कंपनी की दवाई रेमडेसिविर का इस्तेमाल अमेरिका में कोरोनावायरस के एक मरीज के उपचार के लिए किया जा चुका है, हालांकि यह अभी परीक्षण के तौर पर किया गया है।
अमेरिका में कोरोनावायरस से छह लोगों की मौत
अमेरिका में कोरोनावायरस से मरने वालों की संख्या सोमवार को बढ़कर छह हो गई। ये सभी मौत वाशिंगटन राज्य में हुई हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि अमेरिका में छह में से पांच लोगों की मौत वाशिंगटन राज्य के सबसे घनी आबादी वाले किंग काउंटी और सात लाख से अधिक की आबादी वाले सिएटल शहर में हुई हैं। छठे रोगी की मौत स्नोहोमिश काउंटी में हुई। किंग काउंटी में एक स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि रोगियों की संख्या में इजाफा हो सकता है।
संक्रमित युवक जिस विमान से आया उसके क्रू मेंबर रहेंगे निगरानी में
सोमवार को भारत में कोरोनावायरस से संक्रमित तीन नए मरीजों की पुष्टि के बाद सरकार काफी एहतिहायत बरत रही है। दिल्ली में कोरोनावायरस से संक्रमित पाया गया युवक हाल ही में एयर इंडिया के विमान से आया था। जिस विमान से वह आया था उसके क्रू मेंबर को 14 दिनों तक निगरानी में रहने की अपील की गई है। अधिकारियों ने कहा कि इस बीच अगर उनमें कोरोना के लक्षण नजर आते हैं तो वे तत्काल डॉक्टर से संपर्क करें। ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना से 25 फरवरी को एयर इंडिया की फ्लाइट नई दिल्ली आई थी। इसमें संक्रमित युवक ने उड़ान भरी थी। इससे पहले संक्रमित यात्री ने इटली की भी यात्रा की थी।
हैदराबाद में संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए लोगों पर रखी जा रही नजर
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री बी श्रीरामुलू ने कहा कि हैदराबाद के एक अस्पताल में भर्ती कोरोनावायरस से संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए सभी लोगों के स्वास्थ्य पर एक चिकित्सीय दल नजर रख रहा है। तेलंगाना में कोरोनावायरस का पहला पुष्ट मामला सोमवार को हैदराबाद में सामने आया था जहां बंगलूरू का एक व्यक्ति इस विषाणु से संक्रमित पाया गया। यह व्यक्ति हाल में दुबई से लौटा था।
श्रीरामुलू ने सोमवार रात ट्वीट किया कि हमें जानकारी मिली है कि हैदराबाद का कोरोनावायरस प्रभावित व्यक्ति बंगलूरू से गया था। जहां वह ठहरा था, उस घर के सभी सदस्यों की पहचान हो चुकी है और उन पर निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि वायरस को फैलने से रोकने के लिए हमारी सरकार ने सभी उपाय किए हैं। यह पता चला है कि 24 वर्षीय व्यक्ति को यह संक्रमण तब नहीं था जब वह बंगलूरू में था, फिर भी पूरी सावधानी बरती जा रही है।
भारत में सामने आए तीन नए मामले
कोरोनावायरस से संक्रमण के तीन नए मामले भारत में सामने आए हैं। सोमवार को दिल्ली, जयपुर और तेलंगाना में एक-एक मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। दिल्ली में संक्रमित व्यक्ति हाल ही में इटली और तेलंगाना में संक्रमित व्यक्ति दुबई से लौटा था जबकि जयपुर में मिला संक्रमित इटली का पर्यटक है।
भारत ने ईरानी नागरिकों को जारी वीजा रद्द किया
भारत ने सोमवार को ईरानी नागरिकों को जारी किए गए वीजा या ई-वीजा को रद्द करने का फैसला किया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा कि जैसे-जैसे स्थिति बदल रही है, हम अन्य देशों पर भी यात्रा प्रतिबंध लगाने पर विचार कर सकते हैं। मौजूदा यात्रा एडवाइजरी के अंतर्गत चीन और ईरान के ई-वीजा समेत सभी तरह के वीजा को निलंबित किया जा चुका है। अगर स्थिति आगे बदलती है, तो अन्य देशों पर भी यह एडवाइजरी लागू की जा सकती है। डॉक्टर हर्षवर्धन ने भारतीयों को सलाह दी है कि अगर बहुत जरूरी न हो तो चीन, ईरान, कोरिया, सिंगापुर और इटली जानें से बचें। उन्होंने कहा कि हमने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं और अन्य देशों पर करीब से निगाह बनाए हुए हैं। गौरतलब है कि चीन के बाद कोरोना से सबसे अधिक मौतें ईरान में हुई हैं और इसका असर धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। ईरान में अब तक 66 लोगों की मौत हो चुकी है और 1,501 लोग वायरस की चपेट में हैं।