कोरोनावायरस का असर लगातार और अधिक भयावह होता जा रहा है। वहीं, ईरान में कोरोनावायरस के 13 नए मरीजों में से दो की मौत हो गई है। दूसरी ओर, इस्राइल में कोरोनावायरस का पहला संदिग्ध पाया गया है। बता दें कि चीन में जानलेवा कोरोनावायरस संक्रमण से 118 और मौतें होने से मरने वालों की संख्या बढ़ कर 2236 हो गई है जबकि संक्रमण के मामले बढ़कर 75,465 हो गए हैं। इनमें से अधिकतर मामले सर्वाधिक प्रभावित हुबेई प्रांत से हैं। वहीं भारत में कोरोना वायरस का अब कोई मरीज नहीं है। अबतक का अपडेट-
चीन से केरल लौटे तीन नागरिकों में कोरोना वायरस का संक्रमण ठीक होने के बाद देश में अब इस खतरनाक वायरस के संक्रमण का कोई मरीज नहीं है। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा. हर्षवर्धन ने शुक्रवार को कोरोना वायरस के संकट से निपटने के लिए देशव्यापी स्तर पर किए गए एहतियाती चिकित्सा इंतजामों की समीक्षा बैठक में सभी राज्यों से मिली जानकारी के आधार पर देश में कारोना वायरस के संक्रमण का अब एक भी मरीज नहीं होने की पुष्टि की।
बैठक में मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि के लिए 2707 सैंपल की जांच की गई, इनमें से सिर्फ तीन में संक्रमण पाया गया। केरल में मौजूद तीनों मरीजों को इलाज के बाद पूर्ण से स्वस्थ्य होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डा. हर्षवर्धन ने देश में कोरोना के संक्रमण का अब एक भी मामला नहीं होने के बावजूद सभी राज्य सरकारों से पूरी सतर्कता के साथ निगरानी बरतने को कहा है। उन्होंने राज्य सरकारों से इस वायरस के संक्रमण के बारे में लोगों को जागरुक बनाने की भी अपील की है, जिससे स्थानीय स्तर पर स्थिति को नियंत्रित रखने में मदद मिलेगी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य समिति (एनएचसी) ने अपनी दैनिक रिपोर्ट में शुक्रवार को कहा कि चीन और उसके 31 प्रांतीय क्षेत्रों में गुरुवार के अंत तक कोरोना वायरस से 2236 लोगों की मौत हुई जबकि संक्रमण के 75,465 मामले दर्ज किए गए।
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, सभी 118 मौतें और संक्रमण के 889 नए मामले पूरे देश में दर्ज किए गए। एनएचसी के मुताबिक, गुरुवार को संक्रमण के 1614 संदिग्ध मामले सामने आए जबकि 5206 अन्य लोगों के भी संक्रमित होने की आशंका है।
उन्होंने बताया कि मरने वालों में 115 लोग हुबेई प्रांत से हैं जबकि एक-एक मौत झेजियांग, चोंगकिंग और युन्नान में हुई। गुरुवार के अंत तक तक सेहत में सुधार के बाद 18,264 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। प्रांतीय स्वास्थ्य आयोग के मुताबिक शुक्रवार को कोरोना वायरस के फैलने वाले स्थान हुबेई प्रांत में गुरुवार को 115 लोगों की मौत के साथ ही संक्रमण के 411 नए मामले सामने आए।
जापान में डायमंड प्रिंसेस क्रूज जहाज से निकाले गए ऑस्ट्रेलिया के दो व्यक्ति कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए हैं। जिससे जांच में निगेटिव पाए जाने पर जहाज से निकाले गए लोगों को घर जाने की अनुमति देने के जापान के फैसले पर सवाल उठने लगे हैं।
नदर्न टेरिटरीज की मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डायने स्टीफेंस ने कहा कि दो व्यक्ति कोरोनावायरस टेस्ट में पॉजीटिव पाए गए हैं। ये मामूली तौर पर बीमार थे। कोरोनावायरस की जांच में निगेटिव पाए जाने के बाद सैकड़ों लोगों को जहाज छोड़ने की अनुमति दे दी गई थी। इस सप्ताह ऑस्ट्रेलिया के करीब 164 नागरिकों को जहाज से निकालकर अपने देश जाने की अनुमति दी गई ।
जापान के सैकड़ों यात्रियों को जहाज से रवाना करके घर ही में रहने, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग नहीं करने और मास्क पहनने को कहा गया था। ऑस्ट्रेलिया के मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रोफेसर ब्रेंडन मरफी ने कहा कि लोगों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं बताना चाहता हूं कि ऑस्ट्रेलिया में कोरोना वायरस के दो मामले पाए गए हैं। इसकी आशंका पहले से थी और हम उनसे निपटने के लिये तैयार हैं।