चीन ने कोरोना वायरस के मामलों में कमी आने के बाद वुहान से लॉकडाउन हटा दिया लेकिन अब यहां वायरस की दूसरी लहर ने दस्तक दे दी है। ऐसा लॉकडाउन हटाने के दो हफ्ते बाद हो रहा है। यहां कोरोना संक्रमण से ठीक हो चुके मरीजों में दोबारा कोविड-19 के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि ऐसे मरीजों की रिपोर्ट बेशक पॉजिटिव आ रही हैं मगर उनमें वायरस के लक्षण नहीं दिख रहे हैं। वहीं अमेरिका के लिए सर्दियां काफी मुश्किल होने वाली हैं। एक शीर्ष अधिकारी का कहना है कि साल के अंत में अमेरिका में एक ही समय में फ्लू महामारी और कोरोना वायरस महामारी होगी।
चीन में कोरोना के दूसरे दौर ने दी दस्तक
पिछले साल नवंबर में कोरोना वायरस ने चीन के वुहान में दस्तक दी थी। यहां संक्रमित ज्यादातर लोग ठीक हो चुके हैं। लेकिन उनके दोबारा संक्रमण की चपेट में आने के मामले बढ़ने से यहां हड़कंप मच गया है। इन मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है मगर इसके लक्षण दिखाई नहीं दे रहे हैं। इसने देश के सामने वायरस के खिलाफ लड़ाई के लिए नई चुनौती खड़ी कर दी है।
डॉक्टरों का कहना है कि जिन मरीजों की कोरोना रिपोर्ट एक समय पर निगेटिव आई थी वे 70 दिन बाद दोबारा पॉजिटिव मिले हैं। बहुत से लोगों में 50-60 दिनों बाद वायरस के संक्रमण दिखाई दे रहे हैं। जिस समय दुनिया के बहुत से देश लॉकडाउन खत्म करने पर विचार कर रहे हैं ऐसे समय पर वायरस की पुनरावृत्ति ने अतंरराष्ट्रीय समुदाय को चिंतित कर दिया है।
वर्तमान में दुनियाभर में 14 दिनों की आइसोलेशन अवधि की सलाह दी जाती है। चीनी स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार अब तक नए संक्रमित मरीजों द्वारा अन्य को संक्रमित करने का मामला सामने नहीं आया है। चीन ने दोबारा वायरस की चपेट में आए लोगों की संख्या नहीं बताई है। हालांकि कई रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि ऐसे एक दर्जन मामले हैं।
अमेरिका में साल के अंत में आएगा कोरोना का दूसरा दौर
अमेरिकी स्वास्थ्य अधिकारी ने इस खतरे के प्रति आगाह किया है। कोरोना वायरस से अब तक अमेरिका में 45,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र के निदेशक रॉबर्ट रेडफील्ड ने कहा, 'साल के अंत में अमेरिका में एक ही समय में फ्लू महामारी और कोरोना वायरस महामारी होगी। वर्तमान की बात करें तो अगर कोरोना वायरस के प्रकोप की पहली लहर और फ्लू का सीजन एक ही समय पर होता, तो यह वास्तव में स्वास्थ्य क्षमता के मामले में अत्यंत कठिन समय हो सकता था।
उन्होंने कहा कि सौभाग्य से, अमेरिका में कोरोना वायरस का प्रकोप तब आया जब सामान्य फ्लू का सीजन खत्म हो रहा था। लेकिन ऐसी आशंका है कि हमारे देश में अगली सर्दियों में वायरस का फिर से हमला होगा, जो वास्तव में इस स्थिति की तुलना में और भी मुश्किल होगा। हमें एक ही समय में फ्लू महामारी और कोरोना वायरस महामारी का सामना करना होगा। एक साथ दो-दो प्रकोप के आने से स्वास्थ्य प्रणाली पर अकल्पनीय दबाव होगा।