चीन के वुहान शहर से शुरू हुआ कोरोना वायरस का कहर आज दुनियाभर के 190 से ज्यादा देशों को अपनी चपेट में ले चुका है। कोरोनावायरस के चलते दुनिया लॉकडाउन की स्थिति से गुजर रही है। इसी के मद्देनजर दुनियाभर की आबादी के पांचवे हिस्से (1.5 बिलियन से ज्यादा) को घरों में रहने के लिए कहा गया है।
कोरोना वायरस के बढ़ते कहर पर नजर डाले तो इटली में जहां इस महामारी से 18 डॉक्टरों की मौत हो गई वहीं स्पेश में चार हजार स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित हैं। पेरिस में मास्क, वेंटिलेटर और अन्य चिकित्सा आपूर्ति की कमी हो रही है। क्योंकि अमेरिका और यूरोप में इसकी खपत बढ़ गई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए दुनिया की आबादी के पांचवे हिस्से (1.5 अरब से अधिक लोगों ) को सोमवार से घर में रहने का आदेश दिया गया है ताकि कोरोना के प्रसार को रोकने का प्रयास किया जा सके।
ऑस्ट्रेलिया में मृतक संख्या आठ हो गई है। कोरोना वायरस के संक्रमण से ग्रसित महिला की मौत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया में इस वायरस के कारण मरने वाले लोगों की संख्या आठ पर पहुंच गई। महिला एक क्रूज जहाज पर संक्रमण की चपेट में आई थी। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि लगभग 70 वर्षीय इस महिला की मौत मंगलवार को सिडनी के एक अस्पताल में हुई।
रूबी प्रिंसेस क्रूज पर सवार लोगों में से जिन तीन लोगों में शुरुआत में संक्रमण की पुष्टि हुई थी उनमें यह महिला भी थी। उसे बृहस्पतिवार को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। अब तक रूबी प्रिंसेस पर सवार 133 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है।
वहीं दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस के 76 नए मामले सामने आए हैं साथ ही नौ लोगों की मौत हो गई है। देश में इस घातक वायरस से अब तक 120 लोगों की मौत हो चुकी है और संक्रमित लोगों की संख्या 9,037 पर पहुंच गई है।
दक्षिण कोरिया के रोग नियंत्रण एवं बचाव केद्र ने मंगलवार को कहा कि अब तक 171 मामले ऐसे हैं जो विदेश से संक्रमण लेकर देश आए हैं। यूरोप, उत्तरी अमेरिका और अन्य देशों में प्रकोप के भयावह रूप लेने के बीच अधिकारियों ने संक्रमित लोगों के देश में प्रवेश को रोकने के लिए सीमा नियंत्रण गतिविधि तेज कर दी है। देश के करीब 7,700 मामले दक्षिणपूर्वी शहर दाएगू और पड़ोस के इलाकों से सामने आए हैं जहां हजारों संक्रमित लोग रहस्यमयी चर्च संप्रदाय से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं।
जर्मनी में कोरोना वायरस के 28 हजार से ज्यादा मामले आ चुके हैं और करीब दो हजार लोगों की मौत हो चुकी है। फ्रांस में भी लॉकडाउन है। फ्रांस में कोरोना वायरस के 16 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं जबकि करीब सात सौ लोगों की मौत हो चुकी है।
अमेरिका के फ्लोरिडा में भी प्रतिबंधों के बावजूद युवा बीच पर पार्टी कर रहे थे। उनकी लापरवाही का नतीजा ही है कि अमेरिका में कोरोना वायरस के 33 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं और करीब साढ़े चार सौ लोगों की मौत हो चुकी है। फ्लोरिडा के गवर्नर ने सभी बीचों को बंद कर दिया है।