ह्यूस्टन में भर्ती तीन भारतीय-अमेरिकी मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है। इनमें डॉक्टर वेलुस्वामी और एक आईटी पेशेवर भी शामिल हैं। आईटी पेशेवर 42 वर्षीय रोहन बावडेकर की पत्नी मानसी और तीन बच्चों को क्वारंटीन कर घर में ही रखा गया है।
2 लाख करोड़ डॉलर के नए पैकेज की घोषणा
कोरोना वायरस के संकट से अमेरिकी अर्थव्यवस्था को उबारने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक और बड़े पैकेज का एलान किया है। उन्होंने कहा है कि इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर सरकार दो लाख करोड़ डॉलर खर्च करेगी। यह पिछले दिनों जारी 2 लाख करोड़ डॉलर के पैकेज के अतिरिक्त होगा। ट्रंप ने रेस्तरां और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लिए भी कुछ घोषणाएं की है ताकि वहां बेरोजगार होने वाले लोगों को काम मिल सके।
द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान पेरिस को नाजियों से मुक्त कराने वाली फौज के इकलौते बचे सैनिक राफेल गोमेज की कोरोना वायरस की चपेट में आने से मौत हो गई। उनकी उम्र 99 वर्ष थी। गोमेज ने मंगलवार को ही दम तोड़ दिया था लेकिन फ्रेंच प्रेसिडेंसी ने बृहस्पतिवार को जानकारी दी। एजेंसी
इस्राइल के स्वास्थ्य मंत्री भी संक्रमित
इस्राइल प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अन्य शीर्ष अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में रहने वाले इस्राइल के स्वास्थ्य मंत्री में भी कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। याकोव लित्जमैन और उनकी पत्नी आइसोलेशन में हैं और दोनों को स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत निगरानी में रखा गया है। ईरानी संसद के अध्यक्ष संक्रमित ईरानी संसद के अध्यक्ष अली लारिजानी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।
अमेरिका ने अपने प्रतिद्वंद्वी रूस से मदद स्वीकार कर ली है। रूस का एक सैन्य विमान जरूरी वेंटिलेटर, मेडिकल आपूर्ति और निजी सुरक्षा का आवश्यक सामान लेकर न्यूयॉर्क के हवाईअड्डे पर उतरा है। ट्रंप ने हाल ही में अपने रूसी समकक्ष पुतिन से फोन पर बात करके यह सामान खरीदने पर सहमति जताई थी।
ग्रैमी अवार्ड विनर एडम स्लेजिंगर की जान गई
ग्रैमी और एमी विजेता सिंगर एडम स्लेजिंगर का कोरोना की चपेट में आने से निधन हो गया। 52 वर्षीय एडम रॉक बैंड फाउंटेन ऑफ वीन से जाने जाते थे। तबीयत खराब होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां वायरस पॉजिटिव मिला। वेंटिलेटर पर रखे जाने के कुछ समय बाद उनकी मौत हो गई।
दुनिया के सभी देश कोरोना से लड़ने के लिए अपने-अपने तरीके से कठोर निर्णय ले रहे हैं। फिलीपींस के राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के लिए सख्त चेतावनी जारी की है। उन्होंने सेना और पुलिस को लॉकडाउन का उल्लंघन कर दूसरों की जान को मुसीबत में डालने वालों को गोली मारने के आदेश दिए हैं।