यूएई में एक भारतीय महिला वकील देश में फंसे 2,000 से ज्यादा और बेरोजगार हो चुके हमवतन श्रमिकों की घर वापसी के लिए कानूनी कागजी कार्रवाई में मुफ्त में मदद कर रही हैं। 41 वर्षीय शीला थॉमस ने तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, यूपी और बिहार के पीड़ित भारतीयों की 2,200 फाइलें खोली हैं, जो कोविड-19 महामारी के कारण अपनी नौकरी खो चुके हैं।
इन लोगों के कागजी काम अधूरे हैं, कई के वीजा खत्म हो गए हैं जबकि पासपोर्ट नियोक्ताओं के पास अटके पड़े हैं। केरल निवासी शीला ने अपना मोबाइल नंबर वायरल करके मदद की पेशकश की है। वे घर पर अपनी रसोई से 300 लोगों को खाना भी खिलाती हैं।
मेक्सिको में उच्च संक्रमण और मृत्युदर जारी रहने के बावजूद कुछ हिस्सों में कारोबार खोलने की अनुमति दी जाएगी। देश में 24 घंटे में 5,441 नए मामलों के साथ कुल मरीज 2.08,392 हो गए हैं, जबकि एक दिन में 719 की मौत के साथ अब तक 25,779 लोगों ने अपनी जान गंवा दी है। लेकिन सरकार का मानना है कि सीमित अवधि की छूट और कुछ पाबंदियों के साथ बाजार खोलना जरूरी है।
चीन : फिर सामने आए 24 घंटे में 21 मामले
चीन में शनिवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, 24 घंटे के भीतर 21 नए मामले सामने आए हैं। ये सभी मामले स्थानीय हैं, जो इशारा करते हैं कि यहां संक्रमण पर काबू पाने के दावे पूरी तरह सही नहीं हैं। 21 में 17 मामले राजधानी बीजिंग के हैं। हालांकि, इस दौरान किसी मौत की जानकारी सामने नहीं आई है।
अमेरिका के 50 में से 16 राज्यों में हालात अब भी काफी खराब हैं। अश्वेत नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद हुए प्रदर्शनों को इसके लिए जिम्मेदार माना जा रहा है। फ्लोरिडा और टेनेसी में संक्रमण की रफ्तार अन्य राज्यों से ज्यादा है। कोरोना टास्क फोर्स के सदस्य डॉक्टर एंथोनी फौसी के मुताबिक, कुछ राज्यों में संक्रमण पर काबू पाने में ज्यादा कामयाबी नहीं मिल सकी।
सऊदी अरब : दोबारा तेजी से बढ़ा संक्रमण
तमाम उपायों के बावजूद सऊदी अरब में संक्रमण फिर से फैल रहा है। पिछले महीने दी गई ढील के बाद राजधानी रियाद और उसके पास के इलाकों में फिर पाबंदियां लगाई गईं लेकिन, तब तक नुकसान हो चुका था। पिछले 24 घंटों में 3,938 नए मामले सामने आए। यहां कुल संख्या 1,74,577 हो गई है। मरने वालों का कुल आंकड़ा 1,474 हो गया है।
यूरोपीय संघ (ईयू) महामारी को देखते हुए अमेरिका, ब्राजील और रूस से आने वाले यात्रियों पर रोक लगा सकता है। इस बारे में आखिरी फैसला 1 जुलाई को लिया जा सकता है। हालांकि यूरोपीय देशों में संक्रमण काबू में आ रहा है लेकिन, अमेरिका, ब्राजील और रूस में यह तेजी से फैल रहा है। चीन से लोग आ सकेंगे लेकिन, उनकी पूरी जांच की जाएगी।