ब्राजील में कोरोना से मरने वालों की संख्या 25 हजार के पार पहुंच गई। ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, बीते 24 घंटे के दौरान देश में 1,086 मौतों की पुष्टि हुई है। जबकि बीते 24 घंटे में संक्रमण के 20,599 नए मामले सामने आए हैं। यह देश अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित है। यहां 4.14 लाख लोग संक्रमण से पीड़ित हैं।
खाड़ी देशों में दो लाख से अधिक मामले
खाड़ी देशों में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़कर दो लाख के पार पहुंच गए हैं। खाड़ी देश जिसमें कतर, कुवैत, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन और ओमान शामिल हैं, वहां संक्रमण के मामले बढ़कर दो लाख के पार पहुंच गए हैं। मगर खाड़ी देशों में सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात ने अब अपने यहां लॉकडाउन के प्रतिबंधों में ढील देनी शुरू कर दी है।
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में यूनाइटेड हॉस्पिटल लिमिटेड में लगी आग से कोविड-19 के 5 मरीजों की मौत हो गई है। मृतकों में चार पुरुष और एक महिला शामिल हैं। हालांकि अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
रूस ने ब्रिक्स सम्मेलन टाला
रूस ने अपने एक बयान में ब्रिक्स सम्मेलन को फिलहाल टालने का ऐलान किया है। यह सम्मेलन इस साल जुलाई महीने में सेंट पीटर्सबर्ग में होने वाला था। कोरोना वायरस संक्रमण के कारण तमाम आयोजन या तो रद्द हो गए हैं या फिर उन्हें टाल दिया गया है और अब उनमें ब्रिक्स सम्मेलन का भी नाम शामिल हो गया है।
चीन में बृहस्पतिवार को बिना लक्षण (एसिम्प्टमैटिक) वाले 23 नए मरीज मिले हैं। इनमें से ज्यादातर चीन में महामारी का एपिसेंटर रहे वुहान शहर के हैं। चीन के नेशनल हेल्थ कमीशन के मुताबिक, दो मामले विदेशी नागरिकों के हैं। इनमें से एक केस शंघाई और दूसरा फुजियान प्रांत का है। वहीं, 23 एसिम्प्टमैटिक केस में से 19 वुहान शहर के हैं।
पाकिस्तान : कोरोना संक्रमितों की संख्या 61,000
पाकिस्तान में बृहस्पतिवार को पिछले 24 घंटों में कोरोना के 2,076 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही यहां आंकड़े 61,000 के पार पहुंच गए हैं। साथ ही एक दिन में हुई 36 मौतों के साथ अब तक कुल 1,283 लोग जान गंवा चुके हैं। यहां अब तक 20,231 लोग ठीक होकर घर वापसी कर चुके हैं।
मेक्सिको में 24 घंटे में 463 लोगों की मौत के साथ यहां मरने वालों की संख्या 8,597 हो गई है। महामारी विज्ञान मंत्रालय के निदेशक जोस लुइस अलोमिया ने बताया कि यहां 3,463 नए मामले सामने आए हैं। अब तक कुल 78,023 लोग संक्रमित हो चुके हैं। एक दिन पहले यहां 3,455 नए मामले सामने आए थे और 501 लोगों की मौत हुई थी।
रूस : 24 घंटे में 8 हजार से ज्यादा केस मिले, 174 मारे गए
रूस में 24 घंटे में 8,371 नए केस मिले हैं और 174 लोगों की जान गई है। इसके साथ ही देश में मरने वालों की संख्या 4,142 हो गई है, जबकि 3 लाख 79 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं। पिछले 15 दिनों से यहां संक्रमण के मामले हर दिन 8 हजार से ऊपर आ रहे हैं।