सिंगापुर ने छात्रों समेत 10 भारतीय नागरिकों को कोरोना वायरस प्रसार को रोकने के लिए देश में लागू किए गए नियमों के उल्लंघन के आरोप में निर्वासित कर दिया है। इन्हें सिंगापुर में दोबारा प्रवेश करने से भी रोक दिया गया है।
सिंगापुर पुलिस बल और इमिग्रेशन एंड चेकपाइंट अथॉरिटी ने कहा, इन भारतीयों ने 5 मई को एक किराए के अपार्टमेंट में सामाजिक सभा करते हुए पकड़ा गया था। जबकि देश में लॉकडाउन के तहत सभी गैर-जरूरी कार्यस्थल बंद किए गए थे। दोष सिद्ध होने पर उनके पास रद्द कर दिए गए।
नेपाल : पशुपतिनाथ मंदिर दोबारा खोलने की तैयारी
नेपाल में कोरोना के चलते बंद हुए पशुपतिनाथ मंदिर को फिर खोलने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। नेपाल के संस्कृति मंत्री योगेश भट्टराई ने पशुपति क्षेत्र विकास ट्रस्ट (पीएडीटी) की समीक्षा बैठक में बोलते हुए संगठन के कर्मचारियों को स्वास्थ्य और सुरक्षा उपायों को ध्यान में रखते हुए दिन में एक निश्चित समय पर मंदिर को खोलने की तैयारी करने के निर्देश दिए हैं।
ब्राजील में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से 630 लोगों की मौत होने के साथ इस महामारी से मरने वालों की संख्या 72100 पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार को जारी आंकड़ों के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 34831 नए मामले सामने आए हैं।
पाकिस्तान में संक्रमितों की संख्या ढाई लाख के पार
पाकिस्तान में सोमवार को संक्रमितों का आंकड़ा 2.50 लाख पार गया है। पिछले 24 घंटे में देश में 2,769 संक्रमित केस दर्ज किए गए हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय के अनुसार, देश में 69 नए लोगों की मौत दर्ज की गई है, जिसके बाद देश में मरने वालों का आंकड़ा 5,226 तक पहुंच गया है।
डब्ल्यूएचओ के दो विशेषज्ञों का दल कोरोना वायरस के स्रोत की खोज करने के लिए चीन पहुंच गया है। चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने हालांकि इस दल के कार्यक्रमों का विवरण नहीं दिया है। लेकिन दोनों विशेषज्ञ चीनी वैज्ञानिकों के साथ चर्चा करेंगे। बता दें कि कई देशों ने आरोप लगाया है कि यह वायरस वुहान से पैदा हुआ है जिसकी सही वक्त पर दुनिया को जानकारी नहीं दी गई।
कोरोना वायरस महामारी के कारण इस साल दुनिया में भुखमरी के शिकार लोगों की संख्या 13 करोड़ बढ़ सकती है। संयुक्त राष्ट्र ने चिंता जताते हुए कहा, पिछले साल भी भुखमरी के शिकार लोगों की संख्या में 10 करोड़ की बढ़ोतरी हुई थी, ऐसे में महामारी की चपेट में आया यह साल इस संख्या में बड़ा इजाफा करेगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के आधार पर अनुमान से पता चलता है कि 2020 में कुपोषित लोगों की संख्या 8.3 करोड़ से 13.2 करोड़ बढ़ सकती है। पिछले साल तक दुनिया की 9 फीसदी आबादी यानी 69 करोड़ लोग भूखा सोने को मजबूर थे। 2014 के बाद इस संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।