कोरोनावायरस ने चीन में हाहाकार मचाने के बाद अब दूसरे देशों में भी अपनी दस्तक देनी शुरू कर दी है। वायरस के खतरे को देखते हुए इजराइल ने पिछले दो हफ्ते में चीन की यात्रा करने वाले लोगों के देश में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। इजराइल के गृह मंत्रालय ने बताया कि यह प्रतिबंध इजराइल के नागरिकों पर लागू नहीं होगा।
फिलीपीन में कोरोना वायरस के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई है और इस विषाणु के कारण किसी व्यक्ति की चीन के बाहर मौत होने का यह पहला मामला है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने रविवार को यह जानकारी दी। फिलीपीन में जिस व्यक्ति की मौत हुई है वह चीन के वुहान शहर का रहने वाला था।
विदेशी नागरिकों के प्रवेश पर जापान की सरकार ने शुक्रवार को इसी तरह का प्रतिबंध लगाया है। इसके अलावा पापुआ न्यू गिनी ने एहतियातन एशिया से आने वाले सभी विदेशी यात्रियों के लिए बुधवार को अपने हवाईअड्डे और बंदरगाह बंद कर दिए।
एयरलाइनों और नौका संचालकों को भेजे संदेश में आव्रजन मंत्रालय ने कहा कि एशियाई हवाईअड्डों और बंदरगाहों से आने वाले सभी लोगों को बुधवार से देश में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मंत्रालय ने कहा कि पापुआ न्यू गिनी की इकलौती आधिकारिक जमीनी सीमा भी गुरुवार से सील कर दी जाएगी।