फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोनावायरस : भूटान में अमेरिकी पर्यटक में मिला संक्रमण, भारत की चिंता बढ़ी

Sat, 07 Mar 2020 06:13 AM IST
गौरव पाण्डेय वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन

कोरोना का प्रभाव भूटान तक भी पहुंच गया है। एक अमेरिकी पर्यटक के ब्लड सैंपल में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। भूटान सरकार ने एहतियाती कदम उठाते हुए दो सप्ताह तक विदेशी पर्यटकों के आगमन पर पाबंदी लगा दी है। पीड़ित पर्यटक के सप्ताह भर भारत में घूमने के बाद भूटान पहुंचने के चलते नई दिल्ली में भी चिंता बढ़ गई है और सतर्कता बरतने के आदेश दिए गए हैं। राजस्थान में खाटू श्याम के दर्शन के लिए 130 नेपाली नागरिकों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई है।

विज्ञापन


भूटान के प्रधानमंत्री लोताए शेरिंग के कार्यालय ने शुक्रवार को फेसबुक पोस्ट में बताया कि 76 वर्षीय बुजुर्ग पर्यटक दो मार्च को भारत से भूटान पहुंचने पर उसने बुखार होने की शिकायत की। अस्पताल में जांच के दौरान उसे कोरोनावायरस से संक्रमित पाया गया। हालांकि फेसबुक पोस्ट में संक्रमित व्यक्ति की पहचान नहीं बताई गई है। फेसबुक पोस्ट में कहा गया है कि यह पर्यटक 10 फरवरी को अमेरिका से रवाना हुआ था और 21 फरवरी से एक मार्च तक भारत में घूम रहा था।

भूटान सरकार ने राजधानी थिम्पू सहित तीन इलाकों के सभी स्कूल बंद कर दिए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि यह पर्यटक भूटान में 90 लोगों के संपर्क में आया था। उन सभी के बारे में पता लगा लिया गया है। उनमें फिलहाल कोरोनावायरस के कोई लक्षण नहीं हैं, लेकिन उनकी निगरानी की जा रही है। साथ ही भूटान आने वाले विमान में इस पर्यटक के साथ सवार आठ भारतीय नागरिकों को भी आइसोलेशन में रखा गया है।

विज्ञापन

भारत में कोरोना और उससे निपटने के प्रयासों की स्थिति

  • देश के सभी सैन्य अस्पतालों में बनेंगे आइसोलेशन वार्ड : सेना मुख्यालय ने कोरोनावायरस से निपटने के लिए सभी सैन्य छावनियों और सैन्य अस्पतालों को विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। सभी सैन्य अस्पतालों को अपने यहां आइसोलेशन वार्ड बनाने और इस वायरस के लक्षणों वाले लोगों की जांच के लिए अलग से ओपीडी बनाने का निर्देश दिया है। 
  • 11 मार्च के बाद संसद में आगंतुकों की नहीं मिलेगा प्रवेश : कोरोनावायरस के चलते होली के बाद 11 मार्च से संसद के दोबारा शुरू होने पर आम आदमी को प्रवेश नहीं मिलेगा। दोनों सदनों के सदस्य भी संसद परिसर में किसी को नहीं बुला पाएंगे।
  • डब्ल्यूएचओ-केंद्र मिलकर दे रहे प्रशिक्षण : स्वास्थ्य सचिव प्रीति सूदन ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन और स्वास्थ्य मंत्रालय ने मिलकर सभी राज्यों के स्वास्थ्य कर्मचारियों को प्रशिक्षित करना शुरू कर दिया है। 
  • विंग्स इंडिया के आयोजन पर नहीं होगा असर : केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को कहा है कि कोरोनावायरस से देश के सबसे बड़े नागरिक विमानन शो ‘विंग्स इंडिया’ के आयोजन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। विंग्स इंडिया का आयोजन इस बार हैदराबाद के बेगमपेट हवाई अड्डे पर आगामी 12 से 15 मार्च तक होना है। उधर, बहुराष्ट्रीय विमानन कंपनी एयरबस ने भी एक बयान में कहा है कि विंग्स इंडिया के दौरान वह पूरे जोशो-खरोश से शामिल होगी।
  • सभी केंद्रीय सुरक्षा बलों ने अपने होली मिलन समारोह रद्द कर दिए हैं।
  • सीआईएसएफ ने अगले हफ्ते होने वाले अपने रेजिंग-डे समारोह को टाल दिया है।
  • इंदौर में आयोजित होने जा फिल्म उद्योग का महत्वपूर्ण शो आइफा अवार्ड कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।
  • अमृतसर के एक होटल में ठहरे ईरान के 13 पर्यटकों के खून के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
  • बीएसएफ ने वाघा बॉर्डर पर होने वाले कार्यक्रम में शनिवार से आम पर्यटकों के आने पर प्रतिबंध लगाया।
  • दिल्ली फैशन वीक का आयोजन भी रद्द कर दिया गया है।
  • गुजरात सरकार ने भी महिला दिवस पर होने वाले सभी आयोजनों को रद्द कर दिया है।

सरकार ने कहा- अंडा, मीट खाने से नहीं फैलेगा कोरोना

केंद्रीय पशुपालन मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि विश्व पशु स्वास्थ्य संगठन ने स्पष्ट कर दिया है कि कोरोनावायरस का अंडा और मांसाहार भोजन से कोई संबंध नहीं है। राज्य सरकारों से कहा गया है कि बिक्री के मामले में फैसला लेने से पहले कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) से सलाह जरूर लें। केंद्रीय पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री डॉ संजीव बालयान ने भी कहा, 35 फीसदी पोषण इस भोजन से ही देश के लोगों को मिलता है। मांस खाने और कोरोनावायरस को लेकर कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है।

आईटी उद्योग पर खराब असर : नैस्कॉम पूर्व प्रमुख

नैस्कॉम के पूर्व अध्यक्ष आर. चंद्रशेखर ने कहा है कि कोरोना की वजह से भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र पर खराब असर पड़ रहा है। खाड़ी के देशों और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की गिरती संख्या का इस कारोबार पर प्रभाव पड़ा है। वैश्विक स्तर पर चल रही अनिश्चितता का जारी रहना भी अच्छा संकेत नहीं है।

हांगकांग में कोरोनावायरस पीड़ित के कुत्ते का हो रहा जेनेटिक सीक्वेंसिंग परीक्षण

हांगकांग में कोरोनावायरस के संक्रमण से पीड़ित एक व्यक्ति के पालतू कुत्ते का जेनेटिक सीक्वेंसिंग परीक्षण का किया जा रहा है। इससे यह जानकारी मिल सकती है कि वायरस के स्वभाव में क्या बदलाव आया है। हांगकांग सरकार के स्वास्थ्य विभाग के थॉमस किट ने बताया कि कोरोनावायरस एक आरएनए वायरस है, जिसमें निश्चित रूप से बदलाव होता है। हांगकांग स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ कुत्ते की जेनेटिक सीक्वेंसिंग की तुलना आइसोलेशन में रखे गए मरीज के शरीर में मौजूद वायरस से कर रही है। यदि दोनों नमूने एक जैसे मिलते हैं तो स्पष्ट हो जाएगा कि वायरस की प्रकृति में अब तक कोई बदलाव नहीं आया है।

5-7 दिन में नतीजे आने की उम्मीद

किट ने बताया कि कुत्तों में कोरोनावायरस के संक्रमण का पता लगाने के लिए अब तक कोई ब्लड टेस्ट तैयार नहीं हुआ, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि कुत्तों में इसके संक्रमण का स्तर कमजोर है। उन्होंने यह भी कहा कि खून के परीक्षण के नतीजे आने में कम से कम पांच से सात दिन लगेंगे। किट ने जानवर से जानवरों में संक्रमण के बारे में कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। उन्होंने बताया कि इस बारे में कुछ भी कहना अभी जल्दबाजी होगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि पालतू जानवरों को छूने से पहले अपने हाथों को अच्छी तहर साफ करें, ग्लब्स पहनें और कुत्तों को आसपास की चीजें चाटने से रोकें।

सेना को कमान सौंप सकता है अमेरिका

कोरोनावायरस से निपटने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन सेना को बुलाने पर विचार कर रहा है। वैज्ञानिकों का कहना है कि कोरोना के गर्मी से ज्यादा सर्दी के मौसम में फैलने की गुंजाइश है और अमेरिका में सर्दी का मौसम आने वाला है, इसलिए इसे रोकने के लिए और कदम उठाए जाने चाहिए।

पाक में मरीजों की संख्या छह हुई

पाकिस्तान में एक नया मामला सामने आने के बाद संक्रमण पीड़ितों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। ईरान से 25 फरवरी को लौटे 69 वर्षीय एक व्यक्ति की कराची के एक निजी अस्पताल में हुई जांच में कोरोनावायरस के संक्रमण का पता चला।

थाईलैंड से लौटे संक्रमित व्यक्ति का परिवार भी निगरानी में

थाईलैंड से लौटने के बाद संक्रमित पाए गए पश्चिमी दिल्ली के एक व्यक्ति के परिवार के सात सदस्यों को भी उनके आवास पर ही आइसोलेशन में भेज दिया गया है। उधर, ओडिशा के कटक में अस्पताल से फरार हो गया आयरलैंड निवासी कोरोनावायरस का संदिग्ध भुवनेश्वर के एक होटल में दबोच लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, आयरिश व्यक्ति के साथ ही उसके संपर्क में आए एक अन्य व्यक्ति को भी आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन

वैश्विक स्तर पर अब तक की स्थिति

  • 1,01,961 लोगों में संक्रमण पाया गया है अभी तक विश्व में
  • 3466 लोगों की अभी तक सभी देशों में हो चुकी है मौत
  • 56,126 लोगों को संक्रमण के प्रभाव से मिल चुकी है मुक्ति
  • सर्बिया, स्लोवाकिया, पेरू में संक्रमण के पहले मामले सामने आए
  • ब्रिटेन में दो और नीदरलैंड में कोरोना से पहली मौत
  • नेपाल प्रशासन ने लोगों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की
  • वेटिकन सिटी में पहले मरीज की पहचान, पोप का सर्दी-जुकाम हुआ ठीक
  • ईरान में विदेश मंत्री के सलाहकार की मौत, 1979 में अमेरिकी दूतावास को बंधक बनाने वाले छात्रों में रहे थे शामिल पूर्व उप विदेश मंत्री हुसैन शेखोलेसलाम
  • आयरलैंड में एक अस्पताल के 60 कर्मचारियों को एकांत में भेजा गया
  • सिंगापुर में एक ही दिन में 13 मरीज मिलने से मची खलबली
  • पोप स्टार कैटी पैरी और अभिनेता ओरलांदो ब्लूम का विवाह स्थगित
  • एडीबी ने जताई वैश्विक अर्थव्यवस्था को 347 अरब डॉलर के नुकसान की आशंका
  • जर्मनी, फ्रांस और चेक गणराज्य के मेडिकल उपकरण का निर्यात रोकने से ईयू के छोटे देशों में संकट
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें