कोरोनावायरस की वजह से चीन के वुहान प्रांत में फंसे भारतीय छात्रों के लिए खाने-पीने के भी लाले पड़ गए हैं। वुहान यूनिवर्सिटी आफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में पढ़ने वाले आठ भारतीय छात्रों ने भारत सरकार से उन्हें जल्द से जल्द निकालने की अपील की है।
वुहान में फंसे छात्रों में असम, दिल्ली, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और जम्मू कश्मीर के हैं। असम के रहने वाले 22 साल के गौरव नाथ यहां से मेटिरियल साइंस एंड इंजीनियरिंग कर रहे हैं। उन्होंने बताया, 'कोरोनावायरस की वजह से हमें कमरे के अंदर ही रहने को कहा है। इस वजह से हम कैंपस के अपने डोरमेट्री में फंसे हुए हैं।'
गौरव ने बताया कि जरूरी सामान लाने के लिए उन्हें सिर्फ दो घंटे के लिए ही बाहर जाने की अनुमति है। मगर शहर की अधिकतर दुकानें बंद हैं। सभी दुकानें व परिवहन प्रणाली बंद हैं। जरूरी सामानों का बहुत ज्यादा अभाव है और जल्द ही हमारे पास खाने और पीने के लिए भी नहीं होगा। गौरव ने कहा कि चीन में भारतीय दूतावास उनके संपर्क में है। हमने भारत सरकार से अपील की है कि वे जितनी जल्दी हो सके उतनी जल्दी बचा लें।