पाकिस्तान में तेजी से पैर पसार रहे कोरोना के कारण संक्रमितों की संख्या दो लाख के करीब पहुंच गई है। फिलहाल यह 1.92 लाख को पार कर गई है। पिछले 24 घंटों में पाकिस्तान में 4.044 नए मामले सामने आए हैं।
- जर्मनी में कोरोना के केवल 211 नए मामले
जर्मनी में पिछले 24 घंटे में कोरोना के केवल 211 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 1 लाख 93 हजार, 465 तक पहुंच गई है। वहीं, मरने वालों की संख्या में मात्र 2 मौतें और हुई हैं।
- ऑस्ट्रेलिया: एक लाख से ज्यादा टेस्ट कराने की योजना
ऑस्ट्रेलिया में गुरुवार को एक दिन में कोरोना वायरस के पिछले दो महीनों में सबसे ज्यादा मामले सामने आए। विक्टोरिया में इस दौरान 33 नए मामले सामने आए। इसके बाद अब देश ने उपनगरीय मेलबोर्न में कोरोना हॉट-स्पॉट में रह रहे एक लाख से ज्यादा लोगों का घर-घर परीक्षण कराने का फैसला किया है।
- सेनेगल के राष्ट्रपति क्वारंटीन
सेनेगल के राष्ट्रपति मैकी सॉल ने कोरोना वायरस से संक्रमित एक व्यक्ति के संपर्क में आने के बाद खुद को क्वारंटीन कर लिया है। सेनेगल के राष्ट्रीय टेलीविजन ने बुधवार को एक रिपोर्ट में बताया कि 58 वर्षीय सॉल की पहले ही कोविड-19 जांच की गई थी, जिसमें उनके संक्रमित ना होने की पुष्टि हो चुकी है लेकिन उन्होंने फिर भी खुद को आइसोलेट कर लिया है।