चीन में कोरोना वायरस से 47 और लोगों की मौत होने से इस घातक बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर शनिवार को 2,835 हो गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने बताया कि 47 लोगों की मौत और 427 लोगों के इससे संक्रमित होने के नए मामले सामने आए हैं। चीन में इस बीमारी से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 79,251 हो गई है। चीन में हुबेई में 45 और बीजिंग एवं हेनान में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। दुनिया के बाकी हिस्सों से भी संक्रमण और मौतों के नए मामले सामने आ रहे हैं। जानिए अबतक का अपडेट--
कतर ने कोरोना वायरस के पहले मामले की पुष्टि की
कतर की सरकारी मीडिया के हवाले से शुक्रवार को बताया कि देश में कोरोना वायरस से संक्रमण के पहले मामले की पुष्टि हुई है। ईरान से दोहा लायी गई 36 वर्षीय महिला की जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई है। कई नागरिकों को कोरोना वायरस प्रभावित देश ईरान से निकाल कर गुरुवार को स्वदेश ले आया गया और सरकार के आदेशानुसार 14 दिनों के लिए पृथक सेवा में रखा गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि संक्रमित मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मेक्सिको ने कोरोना वायरस के पहले तीन मामलों की पुष्टि की
मेक्सिको के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश में कोरोना वायरस के तीन पुष्ट मामले सामने आए हैं। इस तरह मेक्सिको कोरोना वायरस से प्रभावित दूसरा लातिन अमेरिकी देश बन गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय में महामारी विज्ञान के महानिदेशक जोस लुइस अलोमिया ने शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि तीन व्यक्ति, दो मेक्सिको सिटी और एक सिनालोआ प्रांत में संक्रमित पाए गए हैं। माना जा रहा है कि इन व्यक्तियों ने उत्तर इटली का दौरा किया जो कि यूरोप में इस वायरस के संक्रमण का मुख्य केंद्र है।
कोरोना वायरस से 43 व्यक्तियों की मौत, 593 मामले: ईरान
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि कोरोना वायरस से देश में 43 लोगों की मौत हुई है और इसके संक्रमण के 593 पुष्ट मामले सामने आए हैं। प्रवक्ता कियांउश जहांपुर ने यह नया आंकड़ा शनिवार को दिया। उन्होंने लोगों से भीड़ से दूर रहने और अपनी यात्रा सीमित करने का आग्रह किया। दुनिया में चीन के बाद इस बीमारी से सबसे ज्यादा मौत ईरान में हुई हैं।
दक्षिण कोरिया में 2931 लोग संक्रमित
इस बीच, सियोल में कोरिया रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र ने एक बयान में बताया कि दक्षिण कोरिया में इस विषाणु के संक्रमण के शनिवार को 594 और मामलों की पुष्टि हुई जिनमें से 90 प्रतिशत से अधिक मामले दाएगू और उत्तरी ग्योंगसांग में सामने आए हैं। दक्षिण कोरिया में एक दिन में सामने आने वाले मामलों की यह अब तक की सर्वाधिक संख्या है। देश में इसके कुल मामले बढ़कर अब 2,931 हो गए हैं। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने शीर्ष पार्टी अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि वे देश में इस विषाणु का संक्रमण रोकने में नाकामयाब रहे तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।
340 भारतीय मछुआरे वहां फंसे
कोरोनावायरस के खौफ के चलते ईरान में हवाई सेवाएं बंद होने से 340 भारतीय मछुआरे वहां फंस गए हैं। अब गुजरात सरकार ने केंद्र सरकार से मछुआरों को वापस लाने की अपील की है। कोरोनावायरस से ईरान में अब तक 34 लोगों की मौत हो चुकी है। गुजरात के मंत्री रामण पाटकर ने विदेश मंत्री एस जयशंकर को इस संबंध में पत्र लिखा है।
पाटकर ने कहा, मछुआरे ईरान के होर्मुजन प्रांत के बंदरगाह बंदर-ए-चिरू में फंसे हुए हैं और भारत वापस नहीं लौट सकते, क्योंकि ईरानी अधिकारियों ने हवाईअड्डों को सील कर दिया है। लोगों को देश से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी है।
राज्य के वन और जनजातीय मामलों के राज्य मंत्री पाटकर ने बताया कि उन्हें अपने निर्वाचन क्षेत्र के कुछ मछुआरों ने इस बारे में जानकारी दी है। इन 340 लोगों में से अधिकांश गुजरात से हैं, और बाकी तमिलनाडु एवं अन्य राज्यों से हैं। फंसे हुए मछुआरों में से एक गणेश टंडेल ने फोन पर बताया कि वे लोग ईरान में ठेके पर मछली पकड़ने का काम करते हैं।
डब्ल्यूएचओ ने चेताया, कोरोना का खतरा उच्चतम स्तर पर