चीन में फैले कोरोनावायरस को देखते हुए भारत जल्द ही बीजिंग को घातक कोरोनावायरस के प्रकोप से निपटने में मदद करने के लिए चिकित्सा आपूर्ति की खेप भेजेगा। भारत राजदूत विक्रम मिश्री ने इस बात की जानकारी दी है। साथ ही राजदूत ने कहा कि भारत महामारी की इस लड़ाई में चीन के साथ एकजुटता के साथ खड़ा है।
कोरोनावायरस संक्रमण के कारण और 142 लोगों की मौत होने के साथ ही इससे मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 1,665 हो गई है। फिल्हाल इससे संक्रमित होने के कुल 68,500 मामलों की पुष्टि हुई है। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने देश में 2,009 नए मामलों की पुष्टि की है। हुबेई प्रांत की राजधानी वुहान में 1,843 नए मामले हैं। नए मामलों के साथ ही हुबेई में इसके कुल 56,249 मामलों की पुष्टि हो गई है।
मिश्री ने कहा कि कोरोनावायरस से निपटने के लिए एक ठोस कदम के रूप में, भारत जल्द ही चीन को चिकित्सा आपूर्ति की एक खेप भेजेगा। उन्होंने कहा कि यह एक ठोस उपाय है जो पूरी तरह से चीनी लोगों के प्रति सद्भावना, एकजुटता को दिखाएगा और भारत सरकार की मित्रता को प्रदर्शित करेगा। राजदूत ने कहा कि भारत इस कठिनाई के समय में चीन के लोगों की सहायता करने के लिए हर संभव प्रयास करेगा।
भारतीय अधिकारियों ने कहा कि चीन के लिए जरूरत के सामानों को भेजने की तैयारी की जा रही है और इसे अंतिम रूप देते ही खेप भेज दी जाएगी। साथ ही, भारत ने चीनी आयातकों की जरूरतों को देखते हुए प्रतिबंधों को हटा लिया है और कुछ चिकित्सा उपकरणों को खेप के साथ रख लिया है, जिसे चीन को भेजा जाना है।
चीन ने कहा है कि उसे विशेष रूप से वायरस प्रभावित रोगियों के उपचार करने वाले चिकित्सा कर्मचारियों के लिए चिकित्सा मास्क, दस्ताने और सूट की आवश्यकता थी। पिछले तीन हफ्तों में राष्ट्रव्यापी मांग को देखते हुए चीन में मास्क भी दुर्लभ हो गए हैं।
राजदूत मिश्री ने एक वीडियो मैसेज के माध्यम से रविवार को कहा कि पिछले कुछ हफ्तों के दौरान, पूरी दुनिया कोरोनोवायरस प्रकोप की गंभीरता और इसके द्वारा उत्पन्न जबरदस्त चुनौतियों का गवाह बन चुकी है। उन्होंने कहा कि मैं इस महामारी से निपटने में चीनी लोगों और सरकार को अपनी एकजुटता और समर्थन देना चाहता हूं।
मिश्री ने कहा कि हम महामारी से पीड़ित लोगों और परिवारों के दुख को गहराई से महसूस करते हैं। मैं विशेष रूप से वुहान शहर और हुबेई प्रांत के लोगों के लिए समर्थन व्यक्त करना चाहता हूं जो इस महामारी से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं, और जो भारत के लोगों के दिलों में एक बहुत ही विशेष स्थान रखते हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोनोवायरस संक्रमण को देखते हुए नेपाल की सीमा से लगे भारतीय गांवों की जांच के लिए विशेषज्ञों की केंद्रीय टीमों का गठन किया है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा 15 फरवरी को जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि कोरोनावायरस को लेकर गठित की गई केंद्रीय टीमें उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, सिक्किम और पश्चिम बंगाल राज्यों से सटी नेपाल की सीमा के पास बसे गांवों का निरीक्षण करेंगी।
आदेश में कहा गया है कि नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल (एनसीडीसी), सफदरजंग अस्पताल, डॉ राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल के डॉक्टरों की पांच अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। टीम उन्हें आवंटित राज्यों के सीमावर्ती जिलों का दौरा करेंगी। क्षेत्रीय निदेशक (स्वास्थ्य मंत्रालय) टीम को सीमावर्ती गांवों में जाने के लिए संबंधित राज्य के स्वास्थ्य विभागों के साथ समन्वय करेंगे।
उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन, पड़ोसी देश चीन में कहर बरपा रहे कोरोनावायरस के खतरे के बीच देश के पूर्व नेता की जयंती पर तीन सप्ताह से अधिक समय में पहली बार रविवार को जनता के सामने आए।
आधिकारिक रोडोंग सिनमुन अखबार ने बताया कि किम ने प्योंगयांग में कुमसुसान पैलेस ऑफ द सन में अपने पिता किम जोंग इल को श्रद्धांजलि दी। इस पैलेस में उनके पिता और दादा का शव संलेपन करके रखा हुआ है।
चीन में पनपे कोरोनावायरस से 1600 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है जिससे उत्तर कोरिया में चिंता पैदा हो गई है क्योंकि उसकी सीमाएं चीन से लगती है। उसने अपने बड़े और महत्वपूर्ण पड़ोसी देश से सभी उड़ानों और ट्रेनों को निलंबित कर दिया है।
प्योंगयांग ने उत्तर कोरिया में संक्रमण के मामलों के बारे में कुछ नहीं कहा है लेकिन उसने अंतरराष्ट्रीय पर्यटन रोक दिया है और वायरस की आशंका वाले लोगों को 30 दिनों की अवधि के लिए अलग रखना शुरू कर दिया है। किम 22 दिनों में पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आए। इससे पहले वह चंद्र नववर्ष के मौके पर जनता के सामने आए थे।
जापान के स्वास्थ्य मंत्री कात्सुनोबू कातो ने रविवार को बताया कि अब तक हमने 1219 व्यक्तियों के परीक्षण किए गए हैं। उनमें से 355 लोगों का परीक्षण सकारात्मक पाया गया है। 73 व्यक्तियों में इस वायरस के लक्षण नहीं दिख रहे हैं।
चार्टर्ड विमान भेज अमेरिका निकालेगा जहाज पर फंसे अपने नागरिक
अमेरिका ने शनिवार को एक पत्र जारी कर बताया कि वह डायमंड प्रिंसेस जहाज पर फंसे अपने नागरिकों को निकालने के लिए विमान भेजेगा। यह विमान रविवार को उन्हें जापान से निकाल अमेरिका लाएगा, जहां उन्हें दो हफ्ते के लिए पृथक रखा जाएगा।
इस जहाज पर 3700 लोग हैं। जहाज ने समुद्र में ही लंगर डाला हुआ है। यहां 132 भारतीय क्रू सदस्य और आठ यात्री भी मौजूद हैं, जिनमें तीन वायरस की चपेट में हैं। जापान में भारतीय दूतावास ने शनिवार को बताया कि इनकी हालत में सुधार आया है।
बीजिंग में नेपाल के दूतावास ने जानकारी दी है कि नेपाल एयरलाइंस के चार्टर विमान द्वारा वुहान (चीन) से 175 नेपाली नागरिकों को एयरलिफ्ट किया गया है। चार ने चीन में वापस रहने का फैसला किया, जबकि छह चिकित्सा कारणों से विमान में नहीं चढ़ सके।
आधे मरीजों का इलाज पारंपरिक दवाओं से
हुबेई के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार संक्रमण के बाद करीब आधे लोगों का पारंपरिक चिकित्सा प्रणाली से इलाज हुआ है। सरकार ने संक्रमण रोकने के लिए पारंपरिक दवाओं और पाश्चात्य दवाओं का साझा उपयोग किया है। अब तक इस वायरस का इलाज नहीं खोजा जा सका है।
संक्रमण से बचने अपने ही घर में दौड़ा 66 किमी
घरों में कैद लोग वायरस से बचने के लिए अजीबोगरीब तरीके अपना रहे हैं। हांगकांग में पान सांकू नामक व्यक्ति अपने ही घर ही में पौने सात घंटे में 66 किमी दौड़ा। इसमें से 30 किमी तो वह केवल अपने बाथरूम में दौड़ गया। 44 साल के सांकू ने मोबाइल एप के जरिए अपनी दौड़ की गणना की। उसने अपना लाइव वीडियो स्ट्रीम किया है।
चीन में संक्रमण वाले स्थानों से मुद्रा जमा कर गोदामों में भरी जा रही है। चीन की सरकार को आशंका है कि इनके जरिए भी संक्रमण फैल सकता है। अधिकारियों के अनुसार यहां हाल में 4 हजार करोड़ युआन के करेंसी नोट उतारे गए थे। लोगों को बार-बार हाथ धोने और हाथों को मुंह, नाक व आंखों पर न लगाने की चेतावनी विशेषज्ञ दे रहे हैं।
फ्रांस में चीनी नागरिक की मौत
फ्रांस में घूम रहे एक बुजुर्गचीनी नागरिक की कोरोनावायरस से मौत हो गई। यूरोप में इस वायरस से यह पहली मौत है। यहां कुल 11 मामले सामने आए हैं। इससे पहले मिस्र में एक व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। अफ्रीका महाद्वीप में किसी व्यक्ति में यह वायरस मिलने का पहला मामला है।
पाकिस्तान : एबटाबाद में संदिग्ध मिला
चीन से लौटे एक व्यक्ति को कोरोनावायरस का संदिग्ध मान चिकित्सकों ने अस्पताल में भर्ती किया है। वह पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के गिलगित-बालस्टितान का रहने वाला है। पड़ोसी देश में अब तक किसी मामले की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि उसके कई नागरिक चीन में फंसे हैं।
हांगकांग : चीन से आजादी के नारे लगे
सैकड़ों सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों ने शनिवार को हांगकांग में मार्च आयोजित कर चीन की मुख्यभूमि का हांगकांग से संपर्क पूरी तरह बंद करने की मांग की। सरकार ने यहां कई इमारतों को कोरोनावायरस क्वारंटीन जोन में बदला है, प्रदर्शनकारी इसका भी विरोध कर रहे हैं। प्रदर्शन में हांगकांग की स्वतंत्रता और क्रांति के खूब नारे लगाए गए।
वित्त मंत्रालय ने देश के व्यापार और मेक इन इंडिया मुहिम पर कोरोनावायरस के असर व इसके कारण हुए व्यवधान का आकलन करने के लिए मंगलवार को संबंधित पक्षों की बैठक बुलाई है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ट्वीट किया कि वित्त मंत्रालय कोरोनावायरस के संक्रमण से हुए असर, मेक इन इंडिया मुहिम में आए व्यवधान तथा देश के आयात-निर्यात पर पड़े असर का आकलन करने के लिये 18 फरवरी यानी मंगलवार को एक बैठक बुलाई है। संबंधित पक्षों का स्वागत है। यदि आप बैठक में नहीं आ सकते हैं तो अपने सुझाव एफएमओ@एनआईसीडॉटइन (
fmo@nic.in) पर ईमेल करें।
मुख्य आर्थिक सलाहकार के सुब्रमणियन ने पिछले सप्ताह कहा था कि चीन में कोरोनावायरस के संक्रमण ने भारत को निर्यात बढ़ाने का अवसर दिया है। भारत चीन के प्रमुख व्यापार भागीदारों में से एक है और चीन के साथ भारत का वृहद व्यापार घाटा है।