चीन में बढ़ रही है संक्रमितों की संख्या (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
चीन के उत्तर पूर्व हेइलोंगजियांग प्रांत की सीमा रूस से लगती है, यह कोरोना वायरस के खिलाफ नया युद्धक्षेत्र बन गया है। अधिकारियों का कहना है कि यहां रोजाना कोविड-19 से संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। माना जा रहा है कि विदेश से आने वाले नागरिकों की वजह से ऐसा हो रहा है।
चीन को डर है कि आयातित मामले उसके यहां कोरोना वायरस की दूसरी लहर ला सकते हैं और देश को फिर से संकट में डाल सकते हैं। रविवार को चीन में 108 मामले सामने आए जबकि इससे पहले यह संख्या 99 थी। इसी वजह से चीन ने रूस के साथ लगती सीमा से आने वाले संक्रमित रोगियों की आमद को नियंत्रित करने के लिए नियम कड़े कर दिए हैं और उन्हें क्वारंटाइन किया जा रहा है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने कहा कि नए मामलों में से 98 आयातित किए गए थे, जो एक नया रिकॉर्ड है। रूस से हेइलोंगजियांग प्रांत में प्रवेश करने वाले कुल 49 चीनी नागरिक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सोमवार को हुबेई प्रांत में दो लोगों की मौत हो गई थी। जिसके साथ ही मरने वालों की संख्या बढ़कर 3,341 पर पहुंच गई है। वहीं कुल संक्रमित मामले 82,160 हो गए हैं।
रविवार तक चीन में आयातित संक्रमितों की संख्या 1,378 है। चीन ने सोमवार को उन रिपोर्ट्स को खारिज कर दिया जिसमें कहा जा रहा है कि पिछले साल नंवबर में कोविड-19 का पहला मामला उसके यहां दर्ज किया गया था और उसने महामारी के बारे में वास्तविक स्थिति को छुपाया। चीन ने इन तथ्यों को गलत करार दिया है।
चीनी दूतावास के प्रवक्ता जी रोंग ने एक बयान में कहा, 'हाल ही में कुछ भारतीय मीडिया ने उन तथ्यों को नजरअंदाज कर दिया, जिन्हें चीन ने आधिकारिक तौर पर जारी किया था और वास्तविक स्थिति को छिपाने के लिए चीन को दोषी ठहराया। ये दावे गलत और गैर-जिम्मेदार हैं।'