चीन में कोरोना संक्रमण के 34 नए केस मिले हैं, जिनमें से 25 राजधानी बीजिंग में हैं। चीन के अधिकारियों ने आरोप लगाया कि उनके देश में नया वायरस यूरोप से आया है। वहीं सिंगापुर में शनिवार को कोरोना के 218 नए मामले मिले हैं।
उधर, ब्राजील में कोरोना वायरस के मामले दस लाख के पार पहुंच चुके हैं। दुनिया में संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले अमेरिका में है, जिसके बाद दूसरे स्थान पर ब्राजील है। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को 10,32913 मामलों की पुष्टि की।
ब्राजील में 10 लाख के पार पहुंचे के मामले
ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में बृहस्पतिवार को जितने मामले थे, ये उनके मुकाबले 50 हजार से अधिक हैं। यह संख्या इसलिए भी अधिक है क्योंकि पिछले दिनों के मामले जो नहीं जुड़े थे, उन्हें भी इनमें जोड़ा गया है। हालांकि वर्ल्डोमीटर के मुताबिक, ब्राजील में कुल पॉजिटिव केस 10,38,568 हो चुके हैं।
हालांकि महामारी से करीब 50 हजार लोगों की मौत होने के बावजूद ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोलसोनारो कोविड-19 के जोखिम को कम आंक रहे हैं और उनका जोर अर्थव्यवस्था को खोलने पर है। बोलसोनारो का कहना है कि सामाजिक मेलमिलाप से दूसरी का अर्थव्यवस्था पर कोरोना के मुकाबले कहीं अधिक असर होगा।
इस बीच, विशेषज्ञों का मानना है कि दक्षिण अमेरिकी देश में संक्रमण के मामले आधिकारिक आंकड़ों की तुलना में सात गुना अधिक हो सकते हैं। अमेरिका की जॉन हॉप्किंस यूनिवर्सिटी का कहना है कि ब्राजील में हर दिन एक लाख लोगों पर औसतन सिर्फ 14 लोगों की जांच ही हो रही है, जो जरूरत के हिसाब से 20 गुना कम है।
चीन का आरोप, नया वायरस यूरोप से आया
चीन में कोरोना संक्रमण के 34 नए केस मिले हैं, जिनमें से 25 राजधानी बीजिंग में हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य अधिकारियों ने हाल ही में संक्रमण के बाद वायरस जीनोम सीक्वेंस रिपोर्ट विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) को सौंप दी है। अधिकारियों ने आरोप लगाया कि चीन में नया वायरस यूरोप से आया है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के मुताबिक, नए मामलों में से सात बिना लक्षण वाले हैं। वहीं स्थानीय संक्रमण के दो मामले बीजिंग और एक हेबेई प्रांत में मिला है। बिना लक्षण वाले मरीजों की कुल संख्या 108 हो गई है, जिनमें से 57 विदेश से आए हैं। आयोग के मुताबिक, चीन में कुल मामले 83,352 हो गए हैं, जिनमें से 4634 की मौत हुई है।