कोरोना वायरस के संकट से जूझ रहे पाकिस्तान के क्वेटा में लोगों को कुछ तरह से खाद्य आपूर्ति की जा रही है।
- फोटो : PTI
कोरोना वायरस का प्रकोप से पस्त पाकिस्तान से चीन ने शुक्रवार को एक दिन के लिए दोनों देशों की साझा सीमा खोलने के लिए कहा है। ताकि कोरोना वायरस महामारी से लड़ने के लिए चिकित्सीय उपकरणों को पाकिस्तान पहुंचाया जा सके। एक मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
बता दें कि खुंजेरब दर्रा आमतौर पर सर्दियों के अंत में एक अप्रैल को खोला जाता है लेकिन कोविड-19 के वैश्विक प्रकोप के कारण पाकिस्तान और चीन की सीमा अनिश्चित काल के लिए बंद की जा चुकी है।
पाकिस्तान के समाचार पत्र ‘द डॉन’ की रिपोर्ट के मुताबिक चीनी दूतावास ने उसके देश के विदेश मंत्रालय को लिखे एक पत्र में कहा है कि चीन के स्वायत्त क्षेत्र शिंजियांग उइगर के गवर्नर गिलगिट-बाल्टिस्तान को चिकित्सा सामग्री की एक खेप देना चाहते हैं।
इस रिपोर्ट के अनुसार, गवर्नर ने कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए मुख्य रूप से डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मियों के इस्तेमाल में आने वाले 2 लाख साधारण फेस मास्क, 2 हजार एन-95 फेस मास्क, पांच वेंटिलेटर, 2 हजार टेस्ट किट और 2 हजार मेडिकल सुरक्षात्मक कपड़े देने के लिए कहा है।
यह मदद गिलगिट-बाल्टिस्तान के मुख्यमंत्री हफीजुर रहमान द्वारा शिनजियांग क्षेत्र के गवर्नर को प्रांत में कोरोनावायरस से निपटने के लिए किए गए अनुरोध के जवाब में की जा रही है।