अमेरिका: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
- फोटो : PTI
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि कोरोना वायरस के मामलों में अमेरिका ने शिखर को पार कर लिया है। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जी-7 के नेता गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोरोना वायरस महामारी को लेकर अंतरराष्ट्रीय समन्वय पर चर्चा करेंगे।
जी-7 की बैठक से पहले ट्रंप का यह बयान अमेरिका में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों और मौजूदा स्थिति को बताता है। व्हाइट हाउस ने जानकारी दी थी कि ट्रंप के आमंत्रण पर यह बैठक पिछले महीने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुए अन्य शिखर सम्मेलन के बाद हो रही है।
इससे पहले व्हाइट हाउस के प्रवक्ता जुड डीरे ने कहा था कि ट्रंप ने कोरोना वायरस महामारी से निपटने के प्रयासों में समन्वय पर चर्चा करने के लिए गुरुवार सुबह बैठक आयोजित की है। समूह-7 (जी-7) में अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, और जापान शामिल हैं। अमेरिका के पास इस साल की समूह की अध्यक्षता है।