कोरोना संकट के बीच पाक रमजान और रोजे का महीना शुक्रवार से शुरू हो जाएगा। स्थानीय चांद कमेटी ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि चांद दिखने के बाद रमजान का पाक महीना शुरू हो गया है और शुक्रवार को महीने का पहला रोजा रखा जाएगा।
सरकारी समाचार एजेंसी एसपी के मुताबिक, शाह सलमान ने कहा कि मुझे दुख है कि संकट की इस घड़ी में हम मस्जिदों में खासकर रात के समय सामूहिक नमाज और तरावीह अदा नहीं कर सकते। लेकिन इस पाक महीने में हम लोगों की जिंदगी और अच्छी सेहत की दुआ करेंगे।
इन देशों में भी दिखा चांद
रमजान का चांद सऊदी अरब, कुवैत, बहरीन और यूएई में दिखाई देने के बाद यहां 24 अप्रैल से रमजान का महीना शुरू हो गया। इनके अलावा मलेशिया, मिस्र, सिंगापुर, इंडोनेशिया और फिलिपींस में भी रमजान का महीना 24 अप्रैल से शुरू होने का आधिकारिक तौर पर एलान किया गया है।
भारत में आज हो सकता है माहे रमजान के चांद का दीदार
भारत में कोरोना के चलते लॉकडाउन में इस बार रमजान का पवित्र महीना शुरू हो रहा है। इस बार पिछले सालों जैसी रौनक भले ही न दिख रही हो, मगर लोगों के जोश और जज्बे में कोई कमी नहीं है। माहे रमजान के चांद का दीदार शुक्रवार को हुआ तो पहला रोजा शनिवार को हो सकता है।
यदि 29 शाबान का चांद न निकला या मौसम के कारण दिखाई न दिया तो रविवार से रमजान की शुरुआत होगी। बहरहाल, लोगों ने रमजान की तैयारियां पूरी कर ली हैं। दूसरी तरफ तमाम दरगाहों, खानकाहों ने भी रिवायत को कायम रखने के लिए सोशल डिंस्टेंसिंग के लिहाज से रोजा इफ्तार का इंतजाम करना शुरू कर दिया है।
इसी कड़ी में सभी मसलकों के सेंटर, खानकाह, दरगाह और मुस्लिम संगठन एवं प्रतिष्ठानों की ओर से रमजान की जंतरी (टाइम टेबल) बांटने का काम भी चल रहा है। कुछ लोग सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक जंतरी पहुंचा रहे हैं तो कुछ फोटो कॉपियां कराकर घर-घर बांट रहे हैं। इन तमाम तैयारियों के बीच यह मांग भी उठी है कि रमजान के दिनों में प्रशासन मोहल्लों में फलों की बिक्री की व्यवस्था करे।