बीजिंग ने निवासियों के लिए नए निर्देश जारी किए हैं। उसके नए निर्देश से ऐसा लग रहा कि चीन की राजधानी बीजिंग में कोरोना वायरस का संक्रमण नियंत्रण में है। विश्व में फैले कोरोना महामारी के बीच बीजिंग ने निवासियों से कहा कि वो अब बिना मास्क के भी बाहर जा सकते हैं। बीजिंग शायद दुनिया का पहला शहर है जिसने ऐसे कदम उठाए हैं।
वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए महीनों से अपने चेहरे पर मास्क चढ़ाए लोग अब बीजिंग में मास्क के बिना खुली हवा में सांस ले सकेंगे। चीन डेली की रिपोर्ट के अनुसार चीन द्वारा संचालित डेलीज प्रिवेंशन एंड कंट्रोल ने रविवार को नए दिशानिर्देश जारी किए हैं। निर्देश में कहा गया है कि लोगों को बाहर निकलते वक्त अब मास्क पहनने की जरूरत नहीं है, लेकिन फिर भी दूसरों के साथ निकट संपर्क से बचना चाहिए।
रिपोर्ट में कहा गया है कि मौसम अच्छा होने पर जनता कुछ बाहरी व्यायाम कर सकती है, जो जीवन और स्वास्थ्य की गुणवत्ता को बढ़ाने में सहायक साबित होंगे। चीनी पीपुल्स पॉलिटिकल कंसल्टेटिव कांफ्रेंस का वार्षिक सत्र भी 21 मई को बीजिंग में आयोजित होने की उम्मीद है।
रविवार को चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) ने बताया कि 17 नए कोरोना वायरस मामले पाए गए थे। जबकि वुहान में लोगों का तेजी से परीक्षण किया जा रहा है। शनिवार तक, चीन में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 82,947 थी। कुल मामलों में से 86 रोगियों का इलाज किया जा रहा था, जबकि 78,227 लोगों को इलाज के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई थी।