अमेरिका को कोरोना की वजह से खराब हो रहे फेफड़ों के प्रत्यारोपण में एक बड़ी जीत मिली है। अमेरिका के शिकागो में डॉक्टर की टीम ने एक महिला के कोरोना से खराब हो गए दोनों फेफड़ों का सफलतापूर्वक प्रत्यारोपण किया है। खास बात यह रही कि प्रत्यारोपण करने वाली टीम का नेतृत्व भारतीय मूल के डॉ अंकित भारत कर रहे थे।
डॉ भारत का जन्म उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुआ था। कोरोना महामारी शुरू होने के बाद से अमेरिका में यह ऐसी पहली सर्जरी है। इस सर्जरी को नॉर्थवेस्टर्न मेडिसिन अस्पताल में किया गया। डॉ अंकित के मुताबिक जिस महिला का इलाज किया गया, उसकी उम्र 20-30 साल के बीच है।
डॉ भारत ने जानकारी दी कि महिला की सर्जरी 10 घंटे चली जो कि औसत से काफी ज्यादा है। महिला के फेफड़े, दिल, छाती की दीवार और डायफ्राम के आस-पास के टिश्यू पूरी तरह से सूख गए थे। बैक्टीरिया का संक्रमण तेज हो जाने फेफड़े बहुत ज्यादा खराब हो गए थे, जिसे एंटीबायोटिक दवाओं से नियंत्रित नहीं किया जा सकता था।
डॉ अंकित भारत ने बताया कि मरीज की जान बचाने के लिए ऑपरेशन के अलावा कोई और विकल्प नहीं था। इस ऑपरेशन के लिए मरीज को केवल दो दिन इंतजार करना पड़ा, क्योंकि दो दिन के बाद ही ब्रेन डेड लंग डोनर मिल गया था। इससे पहले ऑस्ट्रिया में 45 साल की ऐसी महिला के फेफड़े का प्रत्यारोपण हुआ था। इस महिला का फेफड़ा भी कोरोना से खराब हो गया था।