दुनिया के ज्यादातर देशों ने कोरोना वायरस की वजह से लॉकडाउन लगा रखा है। लेकिन लॉकडाउन तोड़ने की खबरें भी लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसी ही खबर फ्रांस से आई है जहां एक व्यक्ति सस्ती सिगरेट खरीदने के लिए स्पेन के लिए निकल गया। व्यक्ति की इस हरकत से उसकी जान भी जा सकती थी।
एक व्यक्ति दक्षिण फ्रांस के पेर्पिग्नन शहर से जंगल के रास्ते स्पेन के ला जोन्केरा शहर सस्ती सिगरेट लेने के लिए पैदल जा रहा था। पहाड़ियों से गुजरते वक्त उसका पैर फिसल गया और वह झरने में गिर गया। झरने में गिरने के बाद वह अपना होश खो बैठा। बाद में पुलिस ने हेलिकॉप्टर की मदद से उसे बचाया।
व्यक्ति को जब होश आया तो पुलिस ने कोरोना वायरस नियमों का उल्लंघन करने के लिए उसपर 120 यूरो यानी करीब 11,000 रुपये का जुर्माना लगाया।
सस्ती ब्रेड लेने 386 किमी दूर गया व्यक्ति
ब्रिटेन में एक व्यक्ति महज एक पाउंड (करीब 93 रुपये) सस्ता ब्रेड खरीदने के लिए कार से 386 किमी दूर पहुंच गया। हालांकि, स्थानीय पुलिस ने उसे लॉकडाउन तोड़ने और ओवरस्पीडिंग के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया है।