फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोनावायरस से चीन में हाहाकार, भारत भी सतर्क, 137 फ्लाइट के 29 हजार यात्री जांच से गुजरे

Tue, 28 Jan 2020 02:31 AM IST
योगेश साहू वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, बीजिंग/नई दिल्ली।

सार

  • चीन में 80 हो चुकी है मरने वाले लोगों की संख्या
  • 2,744 लोगों में वायरस की पुष्टि हो चुकी है
  • 24 घंटे के भीतर 769 नए मामले सोमवार को दर्ज किए गए
  • 461 लोगों की हालत बेहद गंभीर, 3,806 लोगों का संदिग्ध मानकर इलाज चल रहा है
  • मुंबई, राजस्थान और बिहार में एक-एक संदिग्ध रोगी अस्पताल में भर्ती
विज्ञापन
कोरोना वायरस - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चीन के वुहान शहर में जानलेवा कोरोनावायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। चीन के नेशनल हेल्थ कमीशन ने बताया कि सोमवार को वायरस की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या 80 पहुंच गई है, जबकि 2,744 लोगों में अब तक इस वायरस की पुष्टि हुई है।

विज्ञापन


इनमें से 461 लोगों की हालत बेहद गंभीर है। कमीशन के अनुसार पिछले 24 घंटे में 24 लोगों की मौत हुई है, इनमें एक नौ माह की बच्ची भी है। 769 नए मामले सामने आए हैं और कुल 3,806 लोगों की जांच संदिग्ध मानकर की जा रही है। 

सोमवार को दक्षिणी मुंबई के रहने वाले एक 36 वर्षीय व्यक्ति को कोरोनावायरस का संदिग्ध रोगी मानकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी तरह चीन से लौटी बिहार के छपरा की रहने वाली एक लड़की का संदिग्ध रोगी मानकर पटना मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। उसमें कोरोना वायरस जैसे लक्षण मिले हैं।
विज्ञापन


राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक संदिग्ध रोगी मिला है। इसका इलाज एसएमएस अस्पताल में चल रहा है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा ने बताया कि युवक चीन से एमबीबीएस की पढ़ाई कर लौटा है। इसके अलावा राज्य के चार जिलों में 18 लोगों की अगले 28 दिनों तक निगरानी की जा रही है जो हाल ही चीन से राजस्थान लौटे हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि अब तक 137 फ्लाइट से आने वाले 29,707 यात्रियों की जांच हो चुकी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा कि कोरोनावायरस को पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी घोषित करना जल्दबाजी होगी। 

रोगियों के करीबी 33 हजार लोगों की निगरानी
चीन के हेल्थ कमीशन ने बताया कि रविवार को 51 लोगों की हालत में सुधार देखा गया है। निमोनिया के चलते अब तक 80 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद भी 5,794 लोग संदिग्ध हैं जिन पर नजर रखी जा रही है। कुल 33 हजार लोग, जो रोगियों के करीब हैं उनकी भी निगरानी की जा रही है। इसमें से 30,453 लोगों का इलाज भी चल रहा है। 8 मामले हांगकांग, 5 मकाऊ और चार मामले ताइवान से आए हैं।

दूसरे देशों में बढ़ रही मरीजों की संख्या

  • ऑस्ट्रेलिया 5
  • थाईलैंड 4
  • सिंगापुर में 4
  • अमेरिका 3
  • कोरिया 3
  • जापान 3
  • फ्रांस 3
  • मलेशिया 3
  • वियतनाम 2
  • नेपाल 1

लूनर न्यू ईयर की छुट्टियां तीन दिन बढ़ाई

चीन के प्रीमियर ली किकियांग सोमवार को वुहान शहर का दौरा करने पहुंचे। इसी बीच वायरस पीड़ितों की मदद के लिए बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन ने 70 करोड़ रुपए की आर्थिक मदद करने की घोषणा की है।

मौतों और मरीजों की संख्या में इजाफा होते देख चीन ने सोमवार को लूनर न्यू ईयर की छुट्टियां और तीन दिन बढ़ा दी है। कैबिनेट की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि लोगों के बाहर निकलने से वायरस के फैलने का खतरा अधिक है। स्कूल भी अगले आदेश तक नहीं खुलेंगे।

फ्रांस वुहान में फंसे नगारिकों को बाहर निकालेगा 
अमेरिका और जापान के बाद अब फ्रांस भी वुहान में फंसे अपने नागरिकों को बाहर निकालने की तैयारी में है। फ्रांस के स्वास्थ्य मंत्री एग्नेस बुजिन ने कहा है कि सप्ताह के मध्य तक फ्रांस के रहने वाले लोगों को विशेष विमान से अपने देश लाया जाएगा। यहां पर इलाज और जांच के सभी इंतजाम भी किए जाएंगे। 

पाकिस्तान में पांच संदिग्धों का चल रहा इलाज

पाकिस्तान में चीन के चार नागरिकों के साथ कुल पांच लोगों का इलाज संदिग्ध के तौर पर चल रहा है। इसमें दो सैंपल मुल्तान से हांगकांग भेजे गए हैं क्योंकि इस जांच के लिए पाकिस्तान में कोई लैब नहीं है। मुल्तान में इलाज करा रहे दो मरीजों में से एक मरीज पाकिस्तानी है।

पाक के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के चीन मेजर जनरल डॉ. आमेर इकराम ने बताया कि एक चीनी नागरिक मुल्तान के अस्पताल में संदिग्ध के रूप में भर्ती है जिसे कफ और बुखार की शिकायत है। चीन से पाकिस्तान हर सप्ताह 41 फ्लाइटें आती हैं जिससे वायरस फैलने का खतरा अधिक है।

वायरस से टूरिज्म इंडस्ट्री को झटका
चीन में फैले वायरस के चलते एशियाई देशों की टूरिज्म इंडस्ट्री को झटका लगा है। जापान समेत अन्य एशियाई देशों को पर्यटन से होने वाली आय में कमी दर्ज हो रही है। इसका सीधा असर जापान थाईलैंड और दूसरे देशों के पर्यटन स्थलों, होटलों और अन्य स्थानों पर देखने को मिल रहा है। जापान के एक्सी कॉर्प में चीफ मार्केट स्ट्रैटजिस्ट स्टीफन इन्स का कहना है कि हालात इसी तरह खराब रहे तो सबसे अधिक बुरा असर जापान की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।

मुंबई, बेंगलुरु और कोच्चि एयरपोर्ट पर सख्ती

मुंबई एयरपोर्ट पर वायरस के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। बेंगलूरू एयरपोर्ट हेल्थ ऑर्गनाइजेशन ने सोमवार को बताया कि चीन से बेंगलुरु आने वाले किसी भी यात्री में कोरोनावायरस की पुष्टि नहीं हुई है।

अब तक कुल 2,572 लोगों की एयरपोर्ट पर जांच की जा चुकी है। ये भी बताया है कि 18 जनवरी को चीन से भारत लौटे दो यात्री अस्पताल में भर्ती हैं। इसके अलावा छह यात्री, जिसमें चार चीन के हैं और दो भारतीय हैं, वे घर पर हैं और अगले 28 दिन तक निगरानी में रहेंगे।

कोच्चि एयरपोर्ट पर कुल 178 यात्रियों की जांच हो चुकी है। तीन संदिग्ध मरीजों का ब्लड सैंपल नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी, पुणे जांच के लिए भेजा गया है। शुक्रवार को चीन से 80 लोग केरल वापस लौटे थे।

नेपाल में एक रोगी में कोरोनावायरस की पुष्टि के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम नेपाल से आ रहे लोगों की जांच कर रही है। सोमवार को 152 लोगों की जांच की गई।
विज्ञापन

केरल के सीएम ने की मोदी से मांग वुहान में फंसे भारतीय लोगों को एयरलिफ्ट करें

केरल के मुख्यमंत्री पिन्नाराई विजयन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि चीन के वुहान में फैले कोरोनावायरस के कारण वहां फंसे भारतीय लोगों और दक्षिणी राज्यों के लोगों को एयरलिफ्ट किया जाए। पीएम मोदी को लिखे पत्र में विजयन ने कहा है कि ‘वुहान में हालात खराब होते जा रहे हैं’।

राज्य सरकार को सूचना मिली है कि वुहान यूनिवर्सिटी और दूसरी अन्य यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले कई छात्र फंस गए हैं जहां कब्रगाह जैसे हालात हैं। वहां फंसे लोगों को सकुशल वापस लाने के लिए विशेष विमान की व्यवस्था करनी चाहिए। 

मंगोलिया ने चीन सीमा और स्कूल कॉलेज किए बंद
कोरोनावायरस की दहशत में मंगोलिया ने चीन से लगती अपनी सीमा को कार और पैदल चलने वाले लोगों के लिए बंद कर दी है। इसके अलावा स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी को बंद करने के साथ सार्वजनिक कार्यक्रम पर पूरी तरह रोक लगा दी है। उप प्रधानमंत्री एंकथुवशिन उलजीसाईखान ने कहा कि ये फैसला जनहित को देखकर लिया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें