कोरोना वायरस के कहर से पूरी दुनिया त्राहिमाम कर रही है। दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका इस वायरस के आगे घुटने टेक चुका है। यहां स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक, अमेरिका में दो लाख 77 हजार से ज्यादा संक्रमित मरीज हैं, जबकि सात हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
अमेरिका में बृहस्पतिवार और शुक्रवार के बीच कोविड-19 संक्रमण के कारण 1480 लोगों की मौत हो गई जो यह महामारी फैलने के बाद दुनिया के किसी भी देश में 24 घंटों में मृतकों की सबसे अधिक संख्या है। जॉन्स हॉप्किंस विश्वविद्यालय के ट्रैकर ने यह आंकड़ें दिए हैं।
विश्वविद्यालय के अनुसार, गुरुवार को रात साढ़े आठ बजे से शुक्रवार को उसी समय के बीच 1,480 लोगों की मौत हुई। अमेरिका में इस संक्रामक रोग से अब तक 7,406 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, करीब 12 हजार लोग इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं। संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ते देख अमेरिकी सरकार ने माना कि अगले दो दिनों में स्थिति और भयावह होने वाली है।