कोरोना महामारी के कारण लगे लॉकडाउन के बीच इनसान का प्रकृति के संपर्क में रहना मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होता है। स्पेन और पुर्तगाल के लोगों पर हुए अध्ययन में वैज्ञानिकों ने ये दावा किया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि पुर्तगाल में महामारी के दौरान जो लोग प्राकृति सौंदर्य जैसे पार्क और समुद्र के तटीय इलाकों में समय बिताया उनका मानसिक स्वास्थ्य अन्य लोगों की तुलना में बेहतर पाया गया।
स्पेेन में जिन लोगों ने घर के भीतर प्राकृतिक सौंदर्य जैसे पौधे और अन्य तरह से हरियाली का ख्याल रखा उनमें तनाव का स्तर उन लोगों की तुलना में कम देखा गया जिन्होंने इस तरह की व्यवस्था नहीं की थी। शोधकर्ता डॉ. अना इसाबेल रिबेरियो का कहना है कि प्राकृतिक सौंदर्य हमेशा से ही मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहतर होता है।
महामारी के दौरान जब लोग अलग-थलग पड़ गए थे तब प्रकृति ही लोगों की सबसे अच्छी दोस्त बनी। लोगों ने प्रकृति की खूबसूरती को करीब से देखा और उसे महसूस किया। इससे लोगों के भीतर अलग प्रकार की खुशी देखी गई जो मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहतर पाया गया था। वैज्ञानिकों का ये अध्ययन हाल ही एनवॉयर्नमेंट जर्नल में प्रकाशित हुआ है।
लोगों ने खुद को प्रकृति से जोड़ा
वैज्ञानिकों ने इस नतीजे पर पहुंचने के लिए 27 मई से छह मई 2020 के बीच 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों पर अध्ययन किया। सवालों के जरिए वैज्ञानिकों ने लोगों के बारे में जानकारी एकत्र की और पाया कि प्रकृति लोगों की खुशी का जरिया बनी। पुर्तगाल और स्पेन में लोगों ने महामारी के दौरान खुद को प्रकृति के बीच किसी न किसी तरह से रखा। इसी की बदौलत वे कठिन दौर में भी अच्छा महसूस करते पाए गए।