प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सात दिन के दौरे पर अमेरिका पहुंच चुके हैं। अपने दौरे के पहले दिन उन्होंने रविवार को हाउडी मोदी के जरिए ह्यूस्टन में भारतीय-अमेरिकियों को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी मौजूद थे। कार्यकम की सफलता का लोहा पूरी दुनिया मान रही है। साथ ही दोनों ने इस मंच से इस्लामिक आतंकवाद पर कड़ा प्रहार किया।
भारत अमेरिका की दोस्ती को लेकर न्यूयॉर्क में स्थित महावाणिज्य दूत संदीप चक्रवर्ती ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, 'ह्यूस्टन कार्यक्रम भारत-अमेरिकी रिश्तों को नई ऊंचाई पर लेकर गए हैं। यह संबंध हर आयाम में चाहे वह लोगों से संपर्क, व्यापार, विज्ञान और तकनीक, अंतरिक्ष हो हर जगह बढ़ रहा है।'
चक्रवर्ती ने आगे कहा, 'व्यापार मुद्दा वर्तमान अमेरिकी प्रशासन के केंद्र बिंदु में से एक है। वह इसे नए सिरे से देख रहे हैं। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार में बढ़ोतरी हो रही है। मुझे नहीं पता कि लगता कि अमेरिकी प्रशासन भारत के साथ घनिष्ठता पूर्वक व्यापार संबंध नहीं चाहता है। '