एपस्टीन फाइल्स मामला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पीछा नहीं छोड रहा है। अमेरिकी संसद के दोनों सदनों- प्रतिनिधि सभा और सीनेट ने मंगलवार को निर्णायक रूप से एक विधेयक पारित कर न्याय विभाग पर दोषी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से संबंधित उसकी फाइलें सार्वजनिक करने के लिए दबाव बनाया है। कांग्रेस से विधेयक पारित किए जाने के बाद इसे ट्रंप को भेज दिया गया है।
यह उस प्रयास को मंजूरी देने के समान था, जिसके लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रिपब्लिकन नेतृत्व के विरोध से पार पाने के लिए कई महीने तक संघर्ष करना पड़ा था।संसद के एक छोटे, द्विदलीय समूह को जुलाई में प्रतिनिधि सभा में विधेयक को लाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। तब ट्रंप ने धोखा बताकर अपने समर्थकों से इसे खारिज करने को कहा था।
लेकिन ट्रंप और प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष माइक जॉनसन दोनों ही मत विभाजन रोकने के अपने प्रयासों में विफल रहे। अब राष्ट्रपति ने विधेयक को लेकर बढ़ती लामबंदी के बीच इस पर अपना रुख नरम कर लिया है और यहां तक कहा है कि वह इस पर हस्ताक्षर करेंगे। निचले सदन द्वारा विधेयक पारित करने के कुछ घंटे बाद सीनेट ने आम-सहमति से विधेयक को पारित करने की मंशा जाहिर कर दी।
मंगलवार को कांग्रेस में हुए निर्णायक, द्विदलीय मत विभाजन ने सांसदों और ट्रंप प्रशासन पर लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने के लिए बढ़ते दबाव को और स्पष्ट कर दिया कि न्याय विभाग एपस्टीन से संबंधित अपनी केस फाइलें जारी करे। एपस्टीन एक प्रभावशाली फाइनेंसर था, जिसने 2019 में नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और तस्करी के आरोपों में मुकदमे का इंतजार करने के दौरान मैनहट्टन जेल में आत्महत्या कर ली थी।
पूर्व वित्त मंत्री समर्स ने एपस्टीन ईमेल लीक होने के बाद ओपनएआई बोर्ड से दिया इस्तीफा
अमेरिका के पूर्व वित्त मंत्री लैरी समर्स ने ओपनएआई के निदेशक मंडल से इस्तीफा देने का फैसला किया है। समर्स का बोर्ड से इस्तीफा ऐसे ईमेल के लीक होने के बाद हुआ है जिससे खुलासा हुआ था कि जेफरी एपस्टीन द्वारा 2008 में एक नाबालिग लड़की से वेश्यावृत्ति कराने का अपराध स्वीकार किए जाने के बाद भी वह उसके साथ मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखा था।
ओपनएआई बोर्ड ने एक बयान में कहा, समर्स ने निदेशक मंडल से इस्तीफा देने का फैसला किया है। हम उनके फैसले का सम्मान करते हैं। हम उनके योगदान और बोर्ड में उनकी तरफ से लाए गए दृष्टिकोण की सराहना करते हैं। समर्स के इस्तीफे की जानकारी उनके द्वारा सार्वजनिक प्रतिबद्धताओं से पीछे हटने की घोषणा के एक दिन बाद की गई।