फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Donald Trump Victory: अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति बने ट्रंप को दी जा रहीं बधाइयां, जानिए किसने क्या कहा

Wed, 06 Nov 2024 10:00 PM IST
बशु जैन वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन

सार

अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप जीत गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनको शाम 4 बजे तक 277 इलेक्टोरल वोट मिले हैं। 
विज्ञापन
पुरी में सैंड आर्ट बनाकर डोनाल्ड ट्रंप को दी बधाई। - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करके 47वें राष्ट्रपति बने डोनाल्ड ट्रंप को लगातार बधाइयां दी जा रही हैं। भारत, ब्रिटेन समेत कई देशों ने डोनाल्ड ट्रंप को जीत की बधाई दी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की जीत वैश्विक तौर पर कई मायनों में अहम मानी जा रही है। पुरी में रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप को सैंड आर्ट बनाकर बधाई दी। 
विज्ञापन


ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर बोले- दोनों देशों के संबंध होंगे समृद्ध
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने डोनाल्ड ट्रंप को जीत के लिए बधाई दी। कीर स्टार्मर ने कहा कि ट्रंप के जीत हासिल करने के बाद ब्रिटेन और अमेरिका के बीच विशेष संबंध नए अमेरिकी प्रशासन के तहत भी समृद्ध होंगे। स्टार्मर ने कहा कि आपके ऐतिहासिक चुनाव जीत पर राष्ट्रपति-चुनाव ट्रंप को बधाई। मैं आने वाले वर्षों में आपके साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं। सबसे करीबी सहयोगी के रूप में, हम स्वतंत्रता, लोकतंत्र और उद्यम के अपने साझा मूल्यों की रक्षा के लिए कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। विकास और सुरक्षा से लेकर नवाचार और तकनीक तक, मुझे पता है कि आने वाले वर्षों में अटलांटिक के दोनों तरफ ब्रिटेन-अमेरिका के विशेष संबंध समृद्ध होते रहेंगे।'

विज्ञापन


पीएम मोदी बोले- लोगों की बेहतरी के लिए करेंगे काम
राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की जीत के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्रंप को बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि मेरे दोस्त डोनाल्ड ट्रंप को ऐतिहासिक चुनावी जीत पर हार्दिक बधाई। जैसा कि आप अपने पिछले कार्यकाल की सफलताओं को आगे बढ़ा रहे हैं, मैं भारत-अमेरिका संबंधों और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए हमारे सहयोग की आशा करता हूं। आइए हम सब मिलकर अपने लोगों की बेहतरी के लिए काम करें और वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा दें।

राहुल गांधी और खरगे ने भी दींं शुभकामनाएं
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी डोनाल्ड ट्रंप को जीत की बधाई दी। राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि आपको जीत के लिए बधाई राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। कमला हैरिस को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए भी शुभकामनाएं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर लिखा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से हम राष्ट्रपति ट्रंप को उनकी चुनावी जीत के लिए बधाई और शुभकामनाएं देते हैं। भारत और अमेरिका एक मजबूत व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी साझा करते हैं, जो लंबे समय से चले आ रहे लोकतांत्रिक मूल्यों, समान हितों और लोगों के आपसी संबंधों पर आधारित हैं। हम वैश्विक शांति और समृद्धि के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हैं।

ट्रंप पिछले कुछ समय से खुली किताब की तरह: थरूर
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने डोनाल्ड ट्रंप की जीत पर कहा कि भारत-अमेरिका संबंध बुनियादी रूप से ठीक रहेंगे। चीन के प्रति अमेरिका का सख्त रुख हमारे लिए अच्छा है। ट्रंप के सत्ता में आने पर आव्रजन और व्यापार से जुड़ी चिंताएं उभरेंगी। अमेरिकी नेता कई मामलों में 'लेन-देन वाला रवैया' रखते हैं। उन्होंने कहा कि चुनावी नतीजे कोई बड़ा आश्चर्य नहीं। ट्रंप पिछले कुछ समय से खुली किताब की तरह रहे हैं। वह चार साल तक राष्ट्रपति रहे, इसलिए हमें उनके साथ काम करने का अनुभव है। वह विभिन्न मुद्दों पर काफी मुखर रहे हैं।

रूस ने दी चौंकाने वाली प्रतिक्रिया
रूस ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के परिणाम पर चौंकाने वाली प्रतिक्रिया दी है। राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप की जीत को लेकर क्रेमलिन ने कहा कि वे अंतिम नतीजों की घोषणा का इंतजार करेंगे। क्रेमलिन से जारी बयान के मुताबिक अमेरिका में ट्रंप की जीत के बाद यूक्रेन के साथ 30 महीने से अधिक समय से जारी युद्ध समाप्त होता है या नहीं, यह देखना बेहद दिलचस्प रहेगा। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि ट्रंप ने अपने चुनाव अभियान के दौरान यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के बारे में कुछ महत्वपूर्ण बयान दिए थे। लेकिन यह तो समय ही बताएगा कि इन बयानों पर कार्रवाई होती है या नहीं। अमेरिका प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से यूक्रेन के खिलाफ रूस की लड़ाई में शामिल है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ट्रंप को उनकी जीत पर बधाई देंगे, फिलहाल ऐसी कोई योजना नहीं है। वाशिंगटन के साथ रूस के संबंध ऐतिहासिक रूप से निम्नतम स्तर पर हैं।

संबंधित वीडियो

इन देशों के प्रमुख ने भी दी बधाई

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने एक्स पर पोस्ट किया कि मैं वैश्विक मामलों में ताकत के माध्यम से शांति दृष्टिकोण के प्रति राष्ट्रपति ट्रंप की प्रतिबद्धता की सराहना करता हूं। यह बिल्कुल वही सिद्धांत है जो यूक्रेन में शांति ला सकता है। मुझे उम्मीद है कि हम इसे एक साथ क्रियान्वित करेंगे। राष्ट्रपति ट्रंप के निर्णायक नेतृत्व के तहत एक मजबूत संयुक्त राज्य अमेरिका का युग। हम संयुक्त राज्य अमेरिका में यूक्रेन के लिए निरंतर मजबूत समर्थन पर भरोसा करते हैं। 

नार्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर ने भी ट्रंप को बधाई दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में जीत पर डोनाल्ड ट्रंप को बधाई। अमेरिका नॉर्वे का सबसे महत्वपूर्ण साझेदार और सहयोगी है। मैं ट्रंप प्रशासन के साथ अपने संबंधों को मजबूत जारी रखने के लिए उत्सुक हूं।

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने ट्रंप को बधाई देते हुए कहा कि यूरोपीय संघ (ईयू) और अमेरिका सहयोगी से कहीं अधिक हैं। हम अपने लोगों के बीच एक सच्ची साझेदारी से बंधे हैं, जो 800 मिलियन नागरिकों को एकजुट करता है। 

हंगरी के प्रधान मंत्री ओर्बन विक्टर ने कहा कि ट्रंप की वापसी अमेरिकी राजनीतिक इतिहास में सबसे बड़ी थी। ट्रंप को उनकी भारी जीत पर बधाई। दुनिया के लिए एक बहुत जरूरी जीत। 

इस्राइल के राष्ट्रपति बेंजामिन नेतन्याहू ने ट्रंप को बधाई देते हुए कहा कि इतिहास की सबसे बड़ी वापसी के लिए बधाई। व्हाइट हाउस में आपकी ऐतिहासिक वापसी अमेरिका के लिए एक नई शुरुआत और इस्राइल और अमेरिका के बीच महान गठबंधन के लिए एक शक्तिशाली प्रतिबद्धता प्रदान करती है। यह एक बहुत बड़ी जीत है। 

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने लिखा कि बधाई हो, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। चार साल के दौरान जिस तरह से हम साथ काम कर रहे थे, उसी तरह से हम साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार हैं। अधिक शांति और समृद्धि के लिए आपके और मेरे विश्वास के साथ, सम्मान और महत्वाकांक्षा के साथ। 

जापान के प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा ने कहा कि मैं ट्रंप की जीत पर अपनी हार्दिक बधाई देना चाहता हूं। अमेरिकी लोगों की लोकतांत्रिक पसंद के प्रति सम्मान भी व्यक्त करता हूं।

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने कहा कि अमेरिका के प्रति हमारी नीति सुसंगत है। हम आपसी सम्मान, शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व और सहयोग के सिद्धांतों के अनुसार चीन-अमेरिका संबंधों को देखना और संभालना जारी रखेंगे।

कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने एक्स पर लिखा कि डोनाल्ड ट्रंप को संयुक्त राज्य अमेरिका का राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई। कनाडा और अमेरिका के बीच दोस्ती दुनिया के लिए ईर्ष्या का विषय है। मुझे पता है कि राष्ट्रपति ट्रंप और मैं अपने दोनों देशों के लिए अधिक अवसर, समृद्धि और सुरक्षा बनाने के लिए मिलकर काम करेंगे।

ऑस्ट्रेलियाई प्रधान मंत्री एंथनी अल्बनीज ने ट्रंप को बधाई दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया कि ऑस्ट्रेलियाई और अमेरिकी अच्छे मित्र और सच्चे सहयोगी हैं। साथ मिलकर काम करते हुए हम यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि हमारे देशों और लोगों के बीच भविष्य में साझेदारी मजबूत बनी रहे।

इटली की प्रधान मंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने कहा कि इटली और अमेरिका एक अटल गठबंधन, सामान्य मूल्यों और एक ऐतिहासिक मित्रता से जुड़े हुए हैं। यह एक रणनीतिक बंधन है। मुझे यकीन है कि हम अब इसे और भी मजबूत करेंगे।

जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज ने कहा कि लंबे समय से जर्मनी और अमेरिका समृद्धि और स्वतंत्रता को बढ़ावा देने के लिए सफलतापूर्वक मिलकर काम कर रहे हैं। हम अपने नागरिकों की भलाई के लिए ऐसा करना जारी रखेंगे।

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यूं सुक येओल ने कहा कि ट्रंप के मजबूत नेतृत्व के तहत, दक्षिण कोरिया और अमेरिका के बीच गठबंधन का भविष्य उज्ज्वल होगा।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि वह पाकिस्तान-अमेरिका साझेदारी को और मजबूत और व्यापक बनाने के लिए आने वाले ट्रंपप्रशासन के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं।

बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार डॉ. मुहम्मद यूनुस ने कहा कि मेरा दृढ़ विश्वास है कि संभावनाएं अनंत हैं क्योंकि हमारे दो मित्र राष्ट्र साझेदारी के नए रास्ते तलाशने की दिशा में काम कर रहे हैं।
 
विज्ञापन

गौतम अदाणी ने भी दी बधाई

डोनाल्ड ट्रंप की जीत पर भारतीय उद्योगपति गौतम अदाणी ने बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि अमेरिकी नेता दृढ़ता, धैर्य, दृढ़ संकल्प और साहस के प्रतीक हैं। अमेरिका के लोकतंत्र को अपने लोगों को सशक्त बनाते और देश के संस्थापक सिद्धांतों को कायम रखते देखना रोमांचक है। 

आंध्र प्रदेश में उषा चिलुकुरी के पैतृक गांव में मना जश्न
अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रपति पद के लिए डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति पद पर जेडी वैंस की जीत के बाद आंध्र प्रदेश के वडलुरु में उत्साह का माहौल है। जो वैंस की पत्नी उषा चिलुकुरी वैंस का पैतृक गांव है। गांव वालों ने अमेरिका के चुनाव में उषा के पति की जीत का जश्न मनाया। पूर्व ग्राम प्रधान पी श्रीनिवास राजू (53) ने बताया कि हमने अभी-अभी उषा के पति की जीत का जश्न मनाया है। हमने पटाखे फोड़े और कल स्थानीय साईं बाबा मंदिर में जेडी वैंस की जीत के लिए प्रार्थना की थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें