अफगानिस्तान में सोमवार से इंटरनेट ठप होने के बाद बुधवार को कुछ हिस्सों में सेवा बहाल हुई। पहले तालिबान का बताया गया एक बयान सामने आया, जो बाद में फर्जी निकला। असली कारण साफ नहीं है, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। इससे बैंकिंग, व्यापार और राहत कार्यों पर असर पड़ा है।
अफगानिस्तान में सोमवार सोमवार से इंटरनेट सेवा बाधित होने के बाद बुधवार को कुछ नेटवर्क आंशिक रूप से बहाल हो गए। लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इंटरनेट सेवा में यह बाधा जानबूझकर डाली गई थी या किसी तकनीकी खराबी के कारण हुई थी। इससे लोगों में असमंजस की स्थिति बन गई है।
विज्ञापन
पहले यह खबर आई थी कि तालिबान ने एक बयान में कहा है कि इंटरनेट सेवा जानबूझकर नहीं रोकी गई है, बल्कि पुरानी फाइबर ऑप्टिक केबल खराब हो गई हैं और उनकी मरम्मत की जा रही है। लेकिन बाद में पता चला कि यह बयान असली नहीं था।
तालिबान अक्सर पाकिस्तानी पत्रकारों से एक आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए संवाद करता है। यह फर्जी बयान उस ग्रुप में नहीं बल्कि व्यक्तिगत तौर पर कुछ पत्रकारों को भेजा गया था। भेजने वाले का नाम तालिबान के आधिकारिक मीडिया ग्रुप से मिलता-जुलता था। लेकिन असल में वह व्यक्ति कौन था, इसकी पुष्टि नहीं सकी। बाद में वही बयान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी साझा किया गया। लेकिन वह भी किसी तालिबान समर्थक के खाते से आया था, न कि तालिबान के आधिकारिक चैनल से।
तालिबान ने दी व्हाट्सएप ग्रुप में आधिकारिक प्रतिक्रिया
फर्जी बयान सामने आने के कुछ घंटे बाद बुधवार को तालिबान के व्हाट्सएप ग्रुप में पहली बार इंटरनेट पर रोक को लेकर आधिकारिक प्रतिक्रिया दी गई। इस बार कहा गया कि मोबाइल सेवाएं धीरे-धीरे बहाल की जा रही हैं। एसोसिएटेड प्रेस ने ग्रुप के एडमिन से पुष्टि की कि यह बयान असली है।
आंशिक रूप से हो रही इंटरनेट सेवा की बहाली
बयान में तालिबान के दूरसंचार तकनीकी विभाग के अधिकारियों से कहा गया कि संबंधित टीमें सेवाएं पूरी तरह बहाल करने के लिए लगातार काम कर रही हैं। इंटरनेट निगरानी संस्था नेटब्लॉक्स ने बुधवार को एक्स पर बताया कि अफगानिस्तान में दो दिन तक दूरसंचार सेवाएं पूरी तरह ठप रहने के बाद अब आंशिक रूप से इंटरनेट सेवाएं बहाल हो रही हैं। उन्होंने आगे यह भी बताया कि यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब तालिबान नेतृत्व टेलीकॉम कंपनियों पर नई तरह की पाबंदियां लागू कर रहा है।
बैंकिंग, व्यापार और विमानन सेवाएं भी प्रभावित
नेटब्लॉक्स ने सोमवार को कहा था कि पूरे अफगानिस्तान, खासकर राजधानी काबुल में इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह ठप हो गई हैं और फोन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। इंटरनेट बंद होने से बैंकिंग, व्यापार और विमानन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।