अमेरिकी कांग्रेस (संसद) में राष्ट्रपति पद के चुनावों के लिए इलेक्टोरल कॉलेज परिणामों को लेकर डेमोक्रेट पार्टी और रिपब्लिकन पार्टी में आपस में तनातनी हो गई है।
अमेरिकी सीनेट (अमेरिकी संसद का उच्च सदन) के डेमोक्रेट सदस्यों ने शनिवार को उन 11 रिपब्लिकन सीनेटरों की आलोचना की, जिन्होंने मतों की औपचारिक गिनती के लिए बुधवार को आयोजित होने वाले कांग्रेस के संयुक्त सत्र में इलेक्टोरल कॉलेज परिणामों का विरोध करने की घोषणा की है।
‘द हिल’ के मुताबिक, रिपब्लिकन सीनेटरों के एक समूह ने संयुक्त बयान में कहा कि वे 10 दिन का ऑडिट होने तक चुनाव परिणामों को स्वीकार करने के विरोध में मतदान करेंगे। इस समूह में सीनेटर टेड क्रूज, रॉन जॉनसन, जेम्स लैंकफोर्ड, स्टीव डेनिस, जॉन कैनेडी, मार्सा ब्लैकबर्न, माइक ब्रॉन और सीनेटर-निर्वाचित सिंथिया ल्यूमिस, रोजर मार्शल, बिल हैगर्टी और टॉमी ट्यूबरविले शामिल हैं।
रिपब्लिकन सीनेटरों की घोषणा के जवाब में कई डेमोक्रेट सीनेटरों ने कहा कि यह समूह निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर राष्ट्रपति-निर्वाचित जो बाइडन की जीत की पुष्टि करने वाले परिणामों के विरुद्ध मतदान करने के जरिये निर्वाचन प्रक्रिया को नीचा दिखाना चाहता है।
डेमोक्रेट सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने ट्वीट में कहा, यह हमारे देश के लिए बेहद दुखद और भयावह दिन है कि प्रतिनिधि सभा के 140 सदस्य, 13 सीनेटर और एक हारा हुआ राष्ट्रपति अमेरिकी लोकतंत्र और संविधान को नीचा दिखाने का प्रयास कर रहे हैं। वे सफल नहीं होंगे।