कोलंबिया में पुलिस हिरासत में एक व्यक्ति की मौत के बाद हुए विरोध प्रदर्शन में दो दिन में 13 लोगों की मौत हो गई और 400 से ज्यादा घायल हो गए। यह जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि जेवियर ऑर्डोनेज नामक व्यक्ति की मौत के बाद बोगोटा में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया था।
गुरुवार देर रात पुलिस के साथ झड़प होने के बाद हिंसा भड़की। रक्षा मंत्रालय के अनुसार घटना में 13 लोगों की मौत हुई है और 209 नागरिक घायल हैं, जबकि 194 अधिकारियों को चोटें आई हैं। इस दौरान शहर की दर्जनों बसें क्षतिग्रस्त हुईं हैं, जिनमें से 13 में आग लगा दी गई।
अशांति के दौरान 60 पुलिस थानों की चारदीवारों को भी नुकसान पहुंचा है। शहर में हिंसा शुरू होने के बाद रक्षा मंत्री कार्लोस होम्स ने बुधवार तड़के पुलिस हिरासत में ऑर्डोनेज की मौत के लिए पुलिस की ओर से माफी मांगी है।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में अनुशासनात्मक सुनवाई के आदेश दिए गए हैं ताकि पता लगाया जा सके कि अधिकारियों ने हत्या की है और पद का दुरुपयोग किया है। उन्होंने कहा कि जांच के आगे बढ़ने से अब तक सात अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है।
ऑर्डोनेज को एक पुलिस थाने में लाया गया और इसके बाद उसे एक अस्पताल ले जाया गया। यह घटना संयुक्त राज्य अमेरिका में अश्वेत नागरिकों के खिलाफ नस्लीय भेदभाव और पुलिस द्वारा अधिकारों के दुरुपयोग पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के समय ही सामने आई है।