अमेरिका के आसमान में उड़ता जासूसी गुब्बारा
- फोटो : सोशल मीडिया
अमेरिका के आसमान में एक चाइनीज जासूसी गुब्बारा दिखाई दिया है। पेंटागन ने कहा है कि यह गुब्बारा तीन बसों के आकार के बराबर बड़ा है। पेंटागन के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल पैट राइडर ने बताया कि अमेरिकी सरकार ने आसमान में ऊंचाई पर उड़ते एक गुब्बारे का पता लगाया है, जो कि अभी अमेरिकी उपमहाद्वीप के ऊपर उड़ रहा है। नॉर्थ अमेरिकन एयरोस्पेस डिफेंस कमांड लगातार इस गुब्बारे को ट्रैक कर रहा है और इस पर नजर बनाए हुए है।
पेंटागन ने कहा है कि जैसे ही उन्हें जासूसी गुब्बारे के बारे में पता चला तो उन्होंने तुरंत संवेदनशील डाटा को सुरक्षित किया ताकि उसे कलेक्ट ना किया जा सके। हालांकि इस जासूसी गुब्बारे में ऐसा कुछ भी नहीं है, जिससे लोगों को या सैन्य तौर पर कोई खतरा पैदा हो। बता दें कि यह चाइनीज जासूसी गुब्बारा ऐसे समय में अमेरिका में दिखाई दिया है, जब जल्द ही अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन, बीजिंग का दौरा करने वाले हैं।
अमेरिका के जॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ जनरल मार्क माइली और यूएस नॉर्दर्न कमांड जनरल ग्लेन वानहर्क ने गुब्बारे को नहीं गिराने का निर्देश दिया है। आशंका है कि इसे गिराने से लोगों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता है। फिलहाल इस गुब्बारे पर नजर रखी जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बुधवार को चीन का यह जासूसी गुब्बारा मोंटाना इलाके के ऊपर उड़ रहा था। गौरतलब है कि इस इलाके में स्थित एयरफोर्स बेस पर अमेरिका के तीन न्यूक्लियर मिसाइल तैनात हैं।
यह जासूसी गुब्बारा नागरिक हवाई उड़ानों की सीमा के ऊपर उड़ रहा है। हालांकि अमेरिका ने यह नहीं बताया कि यह गुब्बारा कितनी ऊंचाई पर उड़ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को इसके बारे में जानकारी दे दी गई है। बीते दिनों ताइवान के मुद्दे पर चीन और अमेरिका के बीच तनाव के हालात थे। अमेरिका के अधिकारियों ने चीनी अधिकारियों से भी इस मुद्दे पर बात की है। वहीं जासूसी गुब्बारे के मसले पर चीन ने कहा है कि वह अमेरिका के ऊपर जासूसी गुब्बारे की रिपोर्ट देखी है। हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने का हमारा कोई इरादा नहीं है और हम कानून का पालन करते हैं।
वहीं, इस मामले में चीन का कहना है कि गुब्बारा सिविलियन एयरशिप है,जिसका इस्तेमाल शोध के लिए किया गया था। कहा गया है कि यह एयरशिप रास्ता भटक गया था। चीनी सरकार ने इसके लिए गलती मानी है।