बच्चों की पीठ पर चलते चीनी राजदूत
- फोटो : सोशल मीडिया
चीन दूसरे देशों के लोगों को कितना महत्व देता है, यह चीन के राजदूत ने अपनी हरकतों से साबित कर दिया है। सोशल मीडिया पर चीन के राजदूत तांग सोनग्गेन (Tang Song gen) की एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें वह लोगों की पीठ पर चलते दिखाई दे रहे हैं।
प्रशांत महासागर के छोटे से द्वीप किरिबाती में चीनी राजदूत के लोगों की पीठ पर चलने से दुनियाभर में बवाल मच गया है। चीन के राजदूत तांग सोनग्गेन के स्वागत के लिए बच्चों और पुरुषों को 'रेड कार्पेट' बनने पर विवाद पैदा हो गया है। अमेरिका के एक शीर्ष राजदूत के चीनी राजदूत के इस व्यवहार पर सवाल उठाया और इसे अस्वीकार्य और अमानवीय करार दिया।
यूएस नेवल ऑफिसर कॉन्स्टेंटाइन पानायियोटौ (Constantine Panayiotou) ने चीन की निंदा करते हुए कहा कि ‘मैं कल्पना भी नहीं कर सकता कि कोई बच्चों की पीठ पर चल सकता है।' वहीं, चीन ने अपने राजदूत के अमानवीय कृत्य को ‘संस्कृति’ का नाम देकर उनका बचाव किया।
उधर, अमेरिका की आलोचना के बाद चीन भड़क उठा है। चीनी विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी करके कहा है कि 'उनके राजदूत परंपरागत स्वागत समारोह में हिस्सा ले रहे थे। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजिन ने कहा कि किरिबाती की स्थानीय सरकार और वहां के लोगों के अनुरोध पर चीनी राजदूत ने स्थानीय संस्कृति और परंपरा का निर्वहन करने के लिए इंसानों की पीठ पर चले।'
चीन ने किरिबाती से रिश्तों को खराब करने का लगाया आरोप
झाओ ने कहा कि कुछ लोग इस घटना के जरिए किरिबाती और चीन के बीच रिश्तों को खराब करना चाहते हैं, लेकिन वे सफल नहीं होंगे। बता दें कि सोशल मीडिया पर चीनी राजदूत के बच्चों और पुरुषों की पीठ पर चलने की तस्वीर वायरल हो रही है। जिसमें नजर आ रहा है कि एक सफेद शर्ट और भूरे रंग की पैंट पहना एक व्यक्ति करीब 30 लोगों की पीठ पर से चलकर जा रहा है। ये 30 लोग कार्पेट की तरह से जमीन पर लेटे हुए हैं।
कहां है किरिबाती?
किरिबाती प्रशांत महासागर में छोटा सा द्वीप है। किरीबाती समुद्र के बढ़ते जलस्तर से बचने के लिए जद्दोजहद कर रहा है और चीन किरिबाती के जरिए प्रशांत महासागर में अपना प्रभाव बढ़ाना चाहता है।