अमेरिका के साथ ट्रेड वार से बढ़ रहे दबाव से निपटने के लिए चीन ने अर्थव्यवस्था में 109.2 अरब डॉलर झोंकने का फैसला किया है। चीन के केंद्रीय बैंक ने 15 अक्तूबर से रिजर्व रिक्वायरमेंट रेशो (आरआरआर) में एक प्रतिशत कटौती की घोषणा की है। इससे बैंकिंग प्रणाली में करीब 109.2 अरब डॉलर की नकदी आ सकेगी। पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना ने इस साल चौथी बार आरआरआर में कटौती की है। बैंक के मुताबिक, इससे चीन के बैंकों को 1.2 खरब युआन अतिरिक्त कर्ज देने की सुविधा मिल सकेगी।
सूत्रों के मुताबिक, इसमें से कुछ नकदी का इस्तेमाल 450 अरब युआन की मध्यम अवधि कर्ज सुविधा का भुगतान करने और करीब 750 अरब युआन का बाजार में कर्ज देने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। कटौती का फैसला स्थानीय सरकारों पर करीब 2.58 खरब अमेरिकी कर्ज से भी जुड़ा है, जिससे पूंजी प्रवाह पर दबाव काफी हद तक बढ़ा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस साल जून में चीनी निर्यात पर अरबों डॉलर का अतिरिक्त शुल्क लगाया था। इससे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 710.4 अरब डॉलर से घटकर 335 अरब डॉलर पर आ गया है।
व्यापार और सैन्य तनाव कम करने पर आज होगी बात
चीन और अमेरिका के बीच बढ़ते ट्रेड वार और सैन्य तनाव को कम करने लिए सोमवार को उच्चस्तरीय वार्ता होगी। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने बताया कि कई क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को लेकर अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो सोमवार को शीर्ष चीनी नेताओं और अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। अमेरिकी रक्षा मंत्री जिम मैटिस भी दौरे पर आने वाले थे, लेकिन वाशिंगटन ने उनका दौरा रद्द कर दिया।