पंचकूला की सीबीआई की अदालत में जिला फरीदाबाद के सुनपेड़ प्रकरण में वीरवार को बहस नहीं हो सकी। इस मामले में अगली तारीख 29 अप्रैल लगाई गई है। पंचकूला सीबीआई की विशेष अदालत में सुनपेड़ प्रकरण के 11 में 9 आरोपी पेश हुए थे, जबकि दो आरोपी पेश नहीं हुए।
वीरवार को सुनपेड़ प्रकरण के शिकायतकर्ता राजेंद्र का पालिग्राफी टेस्ट कराने के लिए आरोपी पक्ष के वकीलों ने अर्जी लगाई हुई थी, लेकिन न्यायाधीश भावना जैन ने इस मामले में 29 अप्रैल की तारीख दी है। आरोपी पक्ष के वकील एसपीएस परमार, दीपेंद्र राणा और अभिषेक राणा ने बताया कि अक्टूबर 2015 में फरीदाबाद के गांव सुनपेड़ में राजेंद्र सिंह ने घर में आग लगाने और दो बच्चों की आग में जिंदा जल जाने की शिकायत दर्ज कराई थी।
इस मामले में मुख्य रूप से 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इनमें जगत सिंह, देसराज, जोगिंद्र सिंह, नोनिहाल सिंह, अदल सिंह, अमन, आकाश, बलवंत सिंह, संजय, धर्म सिंह व करतार सिंह शामिल थे। इनमें से अमन और बलवंत को छोड़ कर शेष नौ आरोपी वीरवार को अदालत में पेश हुए थे।
उन्होंने बताया कि अमन बीकॉम की परीक्षा दे रहा है। इसकी वजह से वह पेश नहीं हुआ था, जबकि दूसरा किसी अन्य कारण में पेश नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि जनवरी में सभी 11 आरोपियों के भौंडसी और अंबाला जेल में पालिग्राफी टेस्ट हो चुके हैं। वहीं आरोपी पक्ष ने भी अपील की है कि उनके ऊपर जिस व्यक्ति ने गंभीर आरोप लगाए हैं उसका भी पालिग्राफी टेस्ट कराया जाए। बता दें कि उपरोक्त मामले में सभी 11 आरोपी जमानत पर हैं।