चीन ने कश्मीर मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव को लागू करने के इस्लामी सहयोग संगठन (ओआईसी) के आह्वान को खारिज करते हुए शुक्रवार को कहा कि भारत और पाकिस्तान को बातचीत के जरिए इस मसले का हल द्विपक्षीय तरीके से करना चाहिए।
कश्मीर पर संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव को लागू करने के ओआईसी के संपर्क समूह के आह्वान के बारे में पूछे जाने पर चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लू कांग ने कहा कि भारत और पाकिस्तान को इस मसले को सुलझाना चाहिए।
लू ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘चीन ने संबंधित रिपोर्ट पर गौर किया है। कश्मीर मुद्दे पर चीन का रुख पूरी तरह स्पष्ट है।’ उन्होंने कहा, ‘चीन को उम्मीद है कि भारत और पाकिस्तान संवाद एवं संचार बढ़ा सकते हैं और संबंधित मुद्दों से उचित तरीके से निपट सकते हैं।
वे संयुक्त तौर पर क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता की रक्षा कर सकते हैं।’ गौरतलब है कि 57 सदस्यीय ओआईसी ने प्रस्ताव पारित कर कश्मीर में संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव को लागू करने का आह्वान किया है। दो दिन पूर्व संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर ओआईसी के संपर्क समूह की बैठक हुई थी, जिसमें यह प्रस्ताव पारित किया गया। पाकिस्तान भी ओआईसी का सदस्य है।