चीन के गुआंग्झू शहर में पुलिस ने हॉस्टल संचालकों को पाकिस्तान समेत पांच देशों के मेहमानों को अगले महीने तक सेवाएं नहीं देने को कहा है। हांगकांग के साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट अखबार के अनुसार शहर के कई हिस्सों में हॉस्टलों ने इस बात की पुष्टि की है कि स्थानीय पुलिस ने उनसे इस सप्ताह से अफगानिस्तान, तुर्की, इराक, सीरिया और पाकिस्तान के लोगों को सेवाएं नहीं देने को कहा है।
सूची में पाकिस्तान का नाम शामिल होना हैरानी की बात है क्योंकि उसके साथ चीन के संबंध काफी अच्छे हैं। गुआंग्झू पुलिस का यह कदम 11वें पैन-पर्ल रिवर डेल्टा रीजनल कॉर्पोरेशन एंड डवलपमेंट फोरम से पहले आया। फोरम का आयोजन गुआंग्झू में बृहस्पतिवार से शुरू हो चुका है। इसी तरह 4-5 सितंबर को हांग्झू शहर में जी-20 देशों के नेताओं की बैठक होगी।
इस कदम के बारे में पूछे जाने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लू कांग ने कहा कि हमने चीन में इस तरह की नीति को अपनाए जाने के बारे में कभी नहीं सुना। उन्होंने कहा, ‘चीन के लिए हमारी नीति लोगों को चीन और अन्य देशों के बीच आदान-प्रदान करने को प्रोत्साहित करने की है।’