ब्रिक्स सम्मेलन के लिए चीन पहुंचे राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने दोकलम पर दोनों देशों के बीच तनातनी को दूर करने के लिए चीनी समकक्ष यांग जीची से मुलाकात की। चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक यांग ने दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील और भारत के वरिष्ठ सुरक्षा प्रतिनिधियों से अलग-अलग बातचीत की। डोभाल की यात्रा से सिक्किम में पिछले एक महीने से जारी गतिरोध के समाधान की संभावना बढ़ गई है।
National Security Advisor #AjitDoval meets his #Chinese Counterpart #YangJiechi, amid #Sikkim standoff.
— Press Trust of India (@PTI_News) July 27, 2017
अजित डोभाल और यांग जीची दोनों भारत-चीन सीमा मामलों के लिए विशेष प्रतिनिधि हैं। दो दिवसीय ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका (ब्रिक्स) के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक के इतर डोभाल ने अपने चीनी समकक्ष से दोकलम मुद्दे पर बातचीत की।
रिपोर्ट के मुताबिक यांग ने द्विपक्षीय संबंधों, अंतरराष्ट्रीय, क्षेत्रीय और बहुपक्षीय मुद्दों पर बातचीत की। साथ ही उन्होंने द्विपक्षीय मुद्दों और बड़ी समस्याओं पर चीन का रुख स्पष्ट किया। इसके अलावा रिपोर्ट में बातचीत की विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
दरअसल भारतीय सेना ने भूटान-भारत-चीन सीमा पर सड़क बनाने से चीनी सेना को रोक दिया था। इसके कारण पिछले एक महीने से सीमा पर दोनों देशों के बीच तनातनी काफी बढ़ गई है। तय कार्यक्रम के मुताबिक डोभाल शुक्रवार को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात करेंगे।
उनकी इस यात्रा से सिक्किम क्षेत्र के दोकलम मामले में भारत-चीन के बीच तनाव खत्म होने और इस मुद्दे का कोई हल निकलने के आसार बढ़ गए हैं। दरअसल चीन दावा कर रहा है कि वह अपनी सीमा के भीतर सड़क का निर्माण कर रहा है, लेकिन भारत इस आशंका के मद्देनजर उसका विरोध कर रहा है कि वह इसके जरिये पूर्वोत्तर राज्यों में चीनी घुसपैठ को रोकना चाहता है।