ड्रग तस्करी, चोरी और लोगों पर हमलों जैसे अपराधों में दोषी ठहराए जा चुके यांग जानयुन (54) ने भीड़ पर कार चढ़ाकर 11 लोगों की हत्या कर दी। हमले में 44 लोग घायल हुए। हेंगयांग प्रशासन ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने अपराधों के लिए हुई सजा का समाज से बदला लेने के लिए यह हमला किया। प्रशासन ने घटना के आतंकी वारदात होने से इनकार कर दिया है। हालांकि, बताया गया है कि हमले में इस्तेमाल कार उइगर समूह ने मुस्लिम अलगाववादियों पर हमले में भी इस्तेमाल की थी।
हेंगयांग प्रशासन ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यांग ने हेंगयांग प्रांत की हेंगडांग काउंटी में बुधवार शाम एक चौराहे पर मौजूद भीड़ पर कार चढ़ाकर कई को कुचला। फिर चाकू से हमला किया। हमलावर यांग हेंगडांग का ही रहने वाला है। निशाना बनाए गए चौराहे पर हर शाम लोग समूहों में डांस करने के लिए इकट्ठा होते हैं। बुधवार शाम भी बड़ी तादाद में लोग शाम का मजा ले रहे थे।
प्रशासन के मुताबिक, हमलावर या तो मानसिक तौर पर विक्षिप्त या समाज के प्रति नफरत या बदला लेने के लिए ऐसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। चीन के कानून में हथियारों की खरीद-फरोख्त पर पाबंदी के कारण ऐसे ज्यादातर हमलों में चाकू या घर में बनाए गए बम का इस्तेमाल किया जाता है।
शहर प्रशासन ने कहा कि चीन में कुछ साल से सार्वजनिक जगहों पर धमाके, बस और इमारतों में आग लगाने की घटनाएं बढ़ी हैं। इनमें ज्यादातर की जिम्मेदारी उग्रवादी अलगाववादी लेते हैं। लेकिन, सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के कारण भीड़ पर कार चढ़ाने जैसी घटनाएं कुछ साल से नहीं हुई थीं।
2013 में हुई पिछली ऐसी घटना
इससे पहले 2013 में बीजिंग में एक हमलावर ने एसयूवी भीड़ पर चढ़ाकर दो लोगों की हत्या कर दी थी। कार सवार तीन लोग भी घटना में मारे गए थे। घटना का आरोप उइगर चरमपंथियों पर लगा था। इससे पहले 2010 में एक स्कूल पर हमला कर 20 बच्चों की हत्या कर दी थी।