चीन में एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है जिसे देखकर आपके रोंगटे खड़े हो सकते है। राजधानी बीजिंग में वाइल्ड लाइफ पार्क में दो महिलाओं को लापरवाही की वजह से अपनी जान गंवानी पड़ी।
शनिवार की दोपहर लगभग 3 बजे का वक्त था और पार्क में घूमने वाले लोगों की संख्या अच्छी-खासी थी। अचानक ही वहां शेर आने से हड़कंप मच गया। शेर ने कार के गेट के सामने खड़ी महिला को अपने जबड़ों में दबाया और खींच कर ले गया।
कार में मौजूद महिला की साथी उसे बचाने के लिए दौड़ी जरुर लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पार्क में लगे सीसीटीवी कैमरे में ये दिल-दहला देने वाला पूरा घटनाक्रम कैद हो गया।
कार का गेट खुला था, कि वहां अचानक शेर आ गया
चीन में दर्दनाक हादसा
पार्क में कार से घूमने आए एक परिवार ने दोपहर तीन बजे गाड़ी रोकी और ड्राइवर की सीट बदलने के लिए एक महिला कार से उतरकर खड़ी थी। कार का गेट खुला हुआ था, कि वहां शेर आ गया।
किसी को भी आभास नहीं हुआ और लापरवाही ने एक दुखद घटना को अंजाम दे दिया। महिला के पीछे से आए एक शेर ने उसे अपने जबड़े में दबाया और खींचकर वहां से दूर ले गया।
घटना से पार्क में चीख-पुकार मच गई। महिला को बचाने के लिए उसके साथी दौड़ पड़े लेकिन फिर एक और मौत ने वहां दहशत का माहौल पैदा कर दिया।
एक और महिला हुई हादसे का शिकार
चीन के वाइल्ड लाइफ पार्क में हादसा
महिला को बचाने आई दूसरी महिला को एक दूसरे शेर ने अपना शिकार बना डाला। जब तक वन विभाग प्रशासन हरकत में आता तब तक पार्क दो मौतों का गवाह बन चुका था।
हालांकि पार्क के भीतर सावधानी बरतने के लिए कई सारे चेतावनी से भरे बोर्ड लगे हुए हैं, लेकिन इस लापरवाही से हुए दर्दनाक हादसों ने पार्क पर लिखी उन चेतावनियों के मायने भी खत्म कर दिए।
पार्क में बोर्ड पर लिखा है कि कार को अच्छी तरह से लॉक करें। कार से ना उतरने की हिदायत भी वहां लिखी हुई है। लेकिन परिवार ने ऐसा नहीं किया, जिसका खामियाजा उन्हें दो मौतों के रूप में चुकाना पड़ा।