चीन के हूनान में ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी पर आयोजित एक कांफ्रेंस में किए गए एक पब्लिसिटी स्टंट के कारण सोशल मीडिया पर विवाद छिड़ गया है। दरअसल एक अभिनेता ने चीन के दिवंगत नेता माओत्से तुंग की नकल की जो आयोजकों पर भारी पड़ गई। हूनान प्रांत में आयोजित बोआओ ब्लॉकचेन फोरम फॉर एशिया कॉन्फ्रेंस में अभिनेता शू ग्वाशियांग ने माओत्से तुंग के जैसा भूरे रेग का सूट पहना और उनकी आवाज की नकल की।
चीन में नेताओं के नाम या तस्वीरों के व्यवसायिक इस्तेमाल पर कानूनी रोक है। बाद में आयोजकों को इस स्टंट के लिए माफी मांगनी पड़ी। बोआओ फोरम फॉर एशिया ने बयान जारी कर ये भी कहा है कि बोआओ ब्लॉकचेन फोरम फॉर एशिया कॉन्फ्रेंस से उसका कोई नाता नहीं है। कॉन्फ्रेंस के दौरान अभिनेता ने कहा, "मैं उम्मीद करता हूं कि ये फोरम कामयाब रहेगा। मैं माओत्से तुंग के नाम पर आप सबका शुक्रिया अदा करता हूं।"
इस कॉन्फ्रेंस में ब्लॉकचेन तकनीक पर चर्चा जानी थी, डिजीटल या क्रिप्टो करेंसी इसी तकनीक पर आधारित होती हैं। वहीं चीन के सरकारी रेडियो के मुताबिक अभिनेता शू ग्वाशियांग की कोई खास पहचान नहीं है। माओ को आधुनिक चीन का संस्थापक माना जाता है और देश में बहुत से लोग अभी भी उनका बेहद सम्मान करते हैं। सोशल मीडिया पर इस स्टंट की जमकर आलोचना हो रही है।
वीचैट पर टिप्पणी करने वाले कुछ लोगों का यहां तक कहना था कि कांफ्रेंस में अभिनेता की टिप्पणी से ब्लॉकचेन पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। एक यूजर ने अभिनेता को 'निर्लज्ज' और 'सनसनीखेज' तक कह दिया। वहीं बीबीसी को जानकारी मिली है कि इस आयोजन और शू ग्वाशियांग के अभिनय के बारे में चर्चा को सोशल मीडिया पर सेंसर भी किया जा रहा है।