चीन में चल रहे तीन दिवसीय ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई कूटनीति उपलब्धियां हासिल की हैं। जानिए ब्रिक्स सम्मेलन की अब तक के 10 बड़ी अपडेट्स...
1. ब्रिक्स देशों ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के घोषणापत्र में पहली बार पाकिस्तान के आतंकी समूहों का नाम शामिल किया जाना भारतीय कूटनीति खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए बहुत बड़ी जीत है।
2. शिखर सम्मेलन में इस बार अपनी मेजबानी में ब्रिक्स के मंच से आतंकवाद की चर्चा न कराने पर अड़े चीन को न सिर्फ इस पर चर्चा करानी पड़ी, बल्कि वह घोषणा पत्र में पाकिस्तान में फल फूल रहे आतंकी संगठनों लश्कर ए तैयबा, जैश ए मोहम्मद, तहरीक ए तालिबान और हिज्ब उत ताहिर का नाम भी शामिल कराने से भी नहीं रोक सका।
पढ़ें- BRICS समिट में आज होगी मोदी-जिनपिंग की मुलाकात, डोकलाम विवाद पर बन सकती है बात
3. लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मुहम्मद जैसे पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठनों के साथ-साथ तालिबान, आईएसआईएस और अलकायदा का नाम लेकर उनकी निंदा की गई।
4. पिछले दिनों संयुक्त राष्ट्र द्वारा जैश के प्रमुख मसूद अजहर को एक वैश्विक आतंकवादी के रूप में नामित करने के बाद क्या आतंकी संगठनों के प्रति चीन का रुख बदल गया है।
5. एक और महत्वपूर्ण विकास में, विदेश मंत्रालय से मिली जानकारी के मुताबिक डोकलाम विवाद के बाद आज पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
6. ब्रिक्स देशों ने आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए चार समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। इन सभी का उद्देश्य पांच देशों के समूह के भीतर व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के साथ सामरिक सहयोग को उच्च स्तर पर पहुंचाना है।
7. ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आर्थिक विकास, क्षेत्रीय स्थिरता और पारस्परिक समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए 5 राष्ट्रों के समूह के बीच मजबूत भागीदारी की मांग की।
8. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत तेजी से दुनिया की सबसे खुली अर्थव्यवस्थाओं में बदल रहा है, साथ ही उन्होंने कहा कि भारत ने डिजिटल इंडिया, स्टार्ट अप इंडिया और मेक इन इंडिया जैसे कार्यक्रमों को शुरू किया गया है जो देश के आर्थिक परिदृश्य को बदल रहा है। इसके अलावा उन्होंने जीएसटी का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में एक समान सेवाकर को लागू किया गया है जो भारत का सबसे बड़ा वित्तीय सुधार है।
9. पीएम नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत की और अफगानिस्तान की सुरक्षा स्थिति के साथ-साथ द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के तरीके पर चर्चा की। साथ ही ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान बैठक में दोनों नेताओं ने तेल और प्राकृतिक गैस क्षेत्र, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदानों में सहयोग पर भी चर्चा की।
10. इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने ब्राजील के राष्ट्रपति मिशेल टेदर से भी मुलाकात की और एक आम वैश्विक दृष्टि के आधार पर एक साझेदारी पर चर्चा की। दोनों ने गोवा में भारत द्वारा 2016 में आयोजित किए गए ब्रिक्स समिट के बाद पहली बार मुलाकात की। बताते चलें की भारत और ब्राजील के बीच द्विपक्षीय संबंधों ने पिछले दशक में रणनीतिक साझेदारी का नया आयाम अर्जित किया है।