चीन में भारत के नए राजदूत गौतम बंबावले
- फोटो : PTI
चीन में भारत के नए राजदूत गौतम बंबावले रविवार को बीजिंग पहुंच गए। एक अनुभवी राजनयिक बंबावले सोमवार से अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे। इससे पहले वे पाकिस्तान में उच्चायुक्त और उससे पहले भूटान में राजदूत के रूप में तैनात थे।
1984 बैच के भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के अधिकारी बंबावले ने विजय गोखले की जगह ली है। गोखले की तैनाती विदेश मंत्रालय में आर्थिक मामलों के सचिव के रूप में की गई है। भारत-चीन के संबंधों पर अच्छी पकड़ रखने वाले बंबावले इससे पहले विदेश मंत्रालय के चीनी डेस्क पर कार्य कर चुके हैं जिसमें जापान, दक्षिण कोरिया, मंगोलिया और उत्तर कोरिया भी शामिल थे।
चीन की मंदारिन भाषा पर अपनी अच्छी पकड़ रखने वाले बंबावले ने इसके साथ ही बीजिंग में भारतीय दूतावास मिशन के उप प्रमुख रह चुके हैं। उन्होंने एक ऐसे समय पर कार्यभार संभाला है जब दोनों देश दोकलम विवाद को पीछे छोड़ अपने संबंधों को आगे बढ़ाने की तैयारी में लगे हैं।
पढ़ें- भारतीय उच्चायुक्त की पाक को नसीहत, कश्मीर छोड़ो, व्यापार पर ध्यान दो