फ्लाइट अटेंडेंट को प्रपोज करता प्रेमी
हर किसी लड़की का सपना होता है कि उसके सपनों का राजकुमार उसे इस तरह से प्रपोज करे कि वह पल उसे जिंदगी भर याद रहे। विमान के उड़ान भरने के बाद अपने प्यार को प्रपोज करना एक अच्छा विचार है। लेकिन दुर्भाग्य से चीन में एक विमान सहायक (फ्लाइट अटेंडेंट) के लिए शादी का यह रोमांटिक प्रपोजल स्वीकार करना खुशी की बजाए दुख का कारण बन गया है। चैनल 8 की रिपोर्ट के अनुसार लगभग एक महीने पहले एक अनाम फ्लाइट अटेंडेंट को उसके प्रेमी ने शादी के लिए विमान में प्रपोज किया था।
चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस की इस
फ्लाइट अटेंडेंट को प्रपोजल स्वीकार करने की वजह से बर्खास्तगी पत्र मिला है। एशिया वन के अनुसार यह घटना मई की है। फ्लाइट के टेक-ऑफ करने के 30 मिनट बाद फ्लाइट अटेंडेंट के प्रेमी ने अपने घुटनों पर बैठकर अपनी महिला मित्र को प्रपोज किया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। हालांकि 10 सितंबर को उसे इस आधार पर नौकरी से निकाल दिया गया कि उसने यात्रियों की सुरक्षा की अनदेखी की।
कंपनी का कहना है कि इस
रोमांटिक व्यवहार की वजह से यात्रियों के बीच अशांति पैदा हो गई और यह यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से बहुत ज्यादा गैर जिम्मेदाराना काम था। एशिया वन के अनुसार चीनी सोशल मीडिया पर फ्लाइट अटेंडेंट की बर्खास्तगी को लेकर लोगों से मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिली हैं। कुछ लोगों ने इसे अमानवीय बताया है तो कुछ ने इसे गैर पेशेवर रवैया करार दिया है।