चीन की महत्वाकांक्षी वन बेल्ट वन रोड परियोजना को लेकर भारत की लगातार आपत्ति पर चीनी मीडिया ने भड़ास निकालनी शुरू कर दी है। ओबीओआर पर भारत के रुख पर चीनी मीडिया ने तंज कसते हुए कहा है कि इस मुद्दे पर भारत की मानसिकता नहीं बदली जा सकती।
ग्लोबल टाइम्स में छपी एक आर्टिकल में कहा गया है, साल 2017 भारत चीन संबंधों के लिए सबसे खराब रहा, लेकिन आगे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध ऊपर और ऊपर हो सकते हैं अगर परस्पर संवाद और विश्वास बना रहे।
अखबार के लेख में दावा किया गया है कि बीजिंग और नई दिल्ली के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नुकसान पहुंचाने वाले तीन विवाद हैं, पहला सीमा विवाद, दूसरा तिब्बत मामला और तीसरा चीन पाक संबंधों को लेकर भारत का पागलपन।
लेख के अनुसार इस बात की संभावना भी नहीं है कि निकट भविष्य में इन तीनों मुद्दों का ही कोई समाधान निकाला जा सके। ऐसे में भारत चीन के संबंधों को गति देने का नियंत्रण और प्रबंधन ही एकमात्र तरीका है। अखबार में दावा किया गया है कि जिस तरह ओबीआर के मुद्दे पर भारत की मानसिकता बनी हुई है उसे जल्दी से बदला नहीं जा सकता।