चीन ने पिछले सप्ताह दक्षिण चीन सागर में जब्त किया गया मानवरहित अंडरवाटर ड्रोन मंगलवार को अमेरिका को वापस लौटा दिया। चीन और अमेरिका के बीच बहस के बाद चीन ने यह ड्रोन वापस लौटा दिया। चीनी रक्षा मंत्रालय के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक चीन और अमेरिका के बीच सामान्य बातचीत के बाद 20 दिसंबर को यह ड्रोन अमेरिका को सौंप दिया गया।
चीनी रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी करके इसकी जानकारी दी। अमेरिकी सर्वे शिप द्वारा दक्षिण चीन सागर में संचालित यह ड्रोन चीनी नेवी ने जब्त कर लिया था और कथित तौर पर उसे लौटाने से भी इंकार कर दिया था।
पेंटागन के प्रवक्ता पीटर कुक ने एक बयान में चीन द्वारा ड्रोन को जब्त किये जाने को अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन बताया था। पेंटागन की ओर से भी चीन द्वारा ड्रोन के लौटाये जाने की पुष्टि की गई है। शुरू में चीनी सेना ने कहा था कि ड्रोन संबंधी घटना से उचित तरीके से निपटा जाएगा, लेकिन ट्रंप के ट्वीट के बाद कहा कि इसे ‘सफलतापूर्वक सुलझा लिया जाएगा।’