चीनी सेना तिब्बत के उच्च ऊंचाई वाले इलाकों में सैन्याभ्यास कर रही है। इस सैन्याभ्यास की खास बात यह है कि इस दौरान हेलीकॉप्टर पायलटों को भी जमीनी युद्धाभ्यास का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
पीपुल्स लिब्रेशन आर्मी (पीएलए) की आधिकारिक मीडिया विंग पीएलए डेली की रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रशिक्षण के दौरान तिब्बत में 4,000 मीटर की ऊंचाई के पीछे दुश्मन की सीमा रेखा में प्रवेश करने का गुर सिखाया गया।
पायलट और विशेष बल के जवान हेलीकॉप्टरों से जमीन पर उतरे व मिशन को एक साथ पूरा किया। पायलटों को यह गुर इसलिए सिखलाया गया ताकि वे आपातकाल की स्थिति में जमीन पर भी लड़ने में सक्षम बन सकें।
पिछले एक पखवाड़े में तिब्बत में चीनी सेना का यह दूसरा सैन्याभ्यास है। इससे पहले 29 जुलाई को भी रिपोर्ट जारी की गई थी, जिसमें तिब्बत में सैन्याभ्यास के आयोजन का खुलासा किया गया था।