चीन में संयुक्त परिवार की अनोखी परंपरा का एक दृश्य सामने आया है। 80 साल पूरे होने के बाद एक चीनी परिवार के 500 से ज्यादा सदस्य परिवार की दुर्लभ तस्वीर लेने के लिए एकजगह एकत्रित हुए। सबसे मजेदार बात यह है कि 500 से ज्यादा सदस्यों के इस परिवार की एक पारंपरिक तस्वीर लेने के लिए बकायदा एक ड्रोन की मदद ली गई। ड्रोन में लगे कैमरे से इस दुर्लभ तस्वीर को खींची गई।
पूर्वी चीन में झेजियांग प्रांत के शिशे गांव में रेन परिवार एकत्रित हुआ। परिवार के सभी 500 से ज्यादा सदस्य चीन के नव वर्ष के अवसर पर एकजुट हुए और इस दौरान पारंपरिक पकवानों का लुत्फ उठाया गया। फोटोग्राफर झांग लिआंगजोंग ने रेन परिवार के पुश्तैनी गांव शिशे के नजदीक एक टीलानुमा पहाड़ी क्षेत्र से ड्रोन के जरिये इस दुर्लभ तस्वीर ली। इस तस्वीर में विभिन्न पीढ़ियां एक-दूसरे के बगल में खड़ी हुई नजर आ रही हैं।