चीन में योग के प्रति लोगों की दीवानगी बढ़ती जा रही है। भारतीय योग की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए चीन के युन्नान प्रांत में खुले पहले योग कालेज ने अब देशभर में 50 और ब्रांच खोलने की योजना बनाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र के दौरे के बाद भारत और चीन के सांस्कृतिक आदान प्रदान कार्यक्रम के तहत 2015 में युन्नान मिंजू यूनिवर्सिटी में पहला चीन-इंडिया योग कालेज स्थापित किया गया था।
चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी ने शिन्हुआ ने बताया कि देश में योग की मांग तेजी से बढ़ रही है। इसी के मद्देनजर चीन-इंडिया योग कालेज ने शनिवार को लिजियांग शहर में पहला ब्रांच खोला। इस दौरान बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारी ए. विमल भी मौजूद थे। चीन-इंडिया योग कालेज के डीन चेन लुयान ने बताया कि योग शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में 50 और ब्रांच खोलने की योजना है। इस दिशा में हम लगातार प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 21 जून को विश्व योग दिवस पर बड़ी संख्या में यहां लोग इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। चेन का कहना है कि आने वाले समय में 100 टीचिंग और ट्रेनिंग सेंटर खोले जाएंगे। इतना ही नहीं, योग पर वर्कशाप भी आयोजित की जाएंगी।